संसद के शीतकालीन सत्र से पहले राहुल गांधी ने दिल्ली प्रदूषण पर बहस की मांग की, पीएम मोदी की ‘चुप्पी’ पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र से पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली की बढ़ती वायु प्रदूषण समस्या पर तत्काल बहस की मांग की है। उन्होंने राजधानी की हवा को “बेहद खराब” बताते हुए कहा कि यहां “स्वास्थ्य आपातकाल” जैसे हालात हैं।

 

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा, “जब बच्चे जहरीली हवा में सांस ले रहे हैं, तब सरकार की तरफ से जिम्मेदारी और तत्परता क्यों नहीं दिख रही?” कांग्रेस नेता ने अपने आवास पर कुछ माताओं से मुलाकात की और सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें महिलाओं ने प्रदूषण से अपने बच्चों की सेहत पर पड़ रहे गंभीर असर की चिंता जताई।

 

वीडियो में राहुल गांधी ने कहा, “हर मां एक ही बात कहती है कि उसका बच्चा जहरीली हवा में पल रहा है। बच्चे थक चुके हैं, डरते हैं और गुस्सा भी हैं।” उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “भारत के बच्चे सामने ही घुट रहे हैं। मोदी जी आप चुप कैसे रह सकते हैं?”

 

एक महिला ने वीडियो में बताया, “यह एक पुरानी और गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है, लेकिन सरकार की ओर से कोई सलाह या निर्देश नहीं आते। पूरी पीढ़ी प्रभावित हो रही है।”

 

बता दें कि दिल्ली पिछले 15 दिनों से बेहद खराब हवा झेल रही है। एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम के अनुसार, आने वाले हफ्ते में भी हालात बेहद खराब रहेंगे। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जहरीली हवा से सांस लेने में दिक्कत बढ़ती है और दिल व अस्थमा के मरीजों के लिए खतरा बढ़ जाता है।

Youthwings