ED Raid In CG: मेडिकल कॉलेज ब्राइबरी केस में ईडी की बड़ी कार्रवाई: 10 राज्यों में 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी

ED Raid In CG

ED Raid In CG

ED Raid In CG: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मेडिकल कॉलेजों से जुड़े रिश्वतखोरी मामले में आज (27 नवंबर) देशभर के कई राज्यों में बड़ी कार्रवाई शुरू की। छत्तीसगढ़ समेत कुल 10 राज्यों में 15 से ज्यादा ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। यह छापेमारी मेडिकल कॉलेज मान्यता में अनियमितताओं और करोड़ों की रिश्वतखोरी से जुड़े मामले से संबंधित है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ईडी की टीमें एक साथ कार्रवाई कर रही हैं।

मेडिकल कॉलेज परिसरों और निजी ठिकानों पर छापे

ईडी ने जिन स्थानों पर छापा मारा है, उनमें सात प्रमुख मेडिकल कॉलेज परिसर और कई निजी व्यक्तियों के आवास व दफ्तर शामिल हैं। रायपुर और भिलाई के प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में भी जांच जारी है। टीमों ने रिश्वतखोरी से जुड़े दस्तावेज, लेन-देन का रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को खंगालना शुरू कर दिया है। CBI द्वारा दर्ज की गई FIR के आधार पर ईडी की यह छापेमारी चल रही है।

CBI ने जून 2025 में दर्ज किया था मामला

इस मामले में 30 जून 2025 को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मेडिकल कॉलेजों को मान्यता देने के बदले करोड़ों रुपये रिश्वत लेने का केस दर्ज किया था। इस कार्रवाई में CBI ने 3 डॉक्टरों समेत कुल 6 लोगों को पकड़ा था। जिन कॉलेजों के नाम इस घोटाले में सामने आए थे, उनमें छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च भी शामिल है।

मान्यता देने के बदले रिश्वत का खेल

CBI को सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेजों के निरीक्षण के दौरान डॉक्टर और पदाधिकारी कॉलेजों के पक्ष में अनुकूल रिपोर्ट देने के बदले रिश्वत ले रहे थे। नवा रायपुर स्थित रावतपुरा मेडिकल कॉलेज में पदाधिकारियों और निरीक्षण करने वाले डॉक्टरों पर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप है। कॉलेज की रिपोर्ट को सकारात्मक दिखाने के लिए लेन-देन किया जा रहा था।

CBI ने रंगे हाथों पकड़ा था रिश्वत लेते हुए

CBI ने कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 40 से अधिक लोकेशन पर रेड मारी थी। रावतपुरा मेडिकल कॉलेज में कार्रवाई उसी दौरान हुई जब रिश्वत का लेन-देन चल रहा था। टीम ने मौके से दस्तावेज, रकम और डिजिटल सबूत जब्त किए और 6 लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं- अतुल तिवारी (एडमिनिस्ट्रेटिव डायरेक्टर), डॉ. मंजप्पा सीएन, डॉ. चैत्रा एमएस, डॉ. अशोक शेलके, थीशा ए रविचंद्र के ईडी की नई कार्रवाई इसी मामले की गहन जांच को आगे बढ़ाने के लिए जारी है।

 

Youthwings