छत्तीसगढ़ में जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ नया कानून, शीतकालीन सत्र में विधेयक लाने की तैयारी
रायपुर। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगातार आ रही अवैध धर्मांतरण की घटनाओं के बीच साय सरकार ने बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि दिसंबर में होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राज्य सरकार धर्मांतरण पर सख्त कानून लाने जा रही है। यह कानून विदेशी फंडिंग वाले एनजीओ और ‘चंगाई सभाओं’ के बहाने होने वाले धर्मांतरण पर नकेल कसेगा।
हिड़मा एनकाउंटर पर दिग्विजय सिंह के पोस्ट पर तीखा प्रहार
मीडिया से बातचीत में विजय शर्मा ने नक्सली कमांडर मांडवी हिड़मा की मौत पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट पर जोरदार पलटवार किया। दिग्विजय ने एनकाउंटर को ‘फर्जी’ बताते हुए आदिवासी कार्यकर्ता सोनी सोढ़ी का वीडियो शेयर किया था, जिसमें इसे ‘हत्या’ करार दिया गया। शर्मा ने कहा, “जो आज हिड़मा पर बोल रहे हैं, वे ताड़मेटला में शहीद जवानों पर क्यों चुप हैं? बस्तर में आठ महीने के मासूम बच्चे को मार दिया गया, उस पर क्यों नहीं बोलते? झीरम घाटी में शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाया गया, उस पर मौन क्यों? ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए। नक्सल प्रभावित परिवारों से हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए।”
बीजेपी नेताओं ने भी दिग्विजय पर हमला बोला। कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा कि दिग्विजय नरसिंहपुर के शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के लिए एक शब्द तक नहीं बोले। सांसद आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय हमेशा आतंकवादियों के पक्ष में खड़े होते हैं।
पीएम मोदी के दौरे पर शर्मा का स्वागत: ‘भाग्य का विषय, शासन को मिल रहा प्रमोशन’
विजय शर्मा ने इस महीने पीएम नरेंद्र मोदी के दूसरे दौरे का स्वागत किया। 1 नवंबर को राज्योत्सव के मौके पर रायपुर पहुंचे मोदी ने 14,260 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, नया विधानसभा भवन का लोकार्पण किया और ‘दिल की बात’ कार्यक्रम में जन्मजात हृदय रोगी बच्चों से मिले। शर्मा ने कहा, “यह छत्तीसगढ़ के लिए भाग्य का विषय है। पीएम ने राज्योत्सव के लिए समय दिया। उनका स्पष्ट मार्गदर्शन मिल रहा है। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का दौरा भी हो चुका है। इससे शासन-प्रशासन को प्रमोशन मिलता है।”
19 नवंबर को कोयंबटूर से पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करने के दौरान भी छत्तीसगढ़ के 25 लाख किसानों को 500 करोड़ रुपये का लाभ मिला। इस कार्यक्रम में शर्मा समेत कई नेता मौजूद थे।
डीजीपी कॉन्फ्रेंस: ‘नवाचार से मजबूत होगी पुलिसिंग’
डीजीपी कॉन्फ्रेंस पर शर्मा ने कहा कि यह हर वर्ष आयोजित होता है। नवाचारों की जानकारी सभी को दी जाएगी। इनके आधार पर पुलिसिंग को मजबूत किया जाएगा। यह कॉन्फ्रेंस पुलिस सुधार और आधुनिकीकरण पर केंद्रित है।
धर्मांतरण कानून से प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। विपक्ष ने पहले ही इसे ‘सांप्रदायिक एजेंडा’ बता चुका है, जबकि भाजपा इसे आदिवासी हितों की रक्षा का दावा कर रही है। शीतकालीन सत्र में विधेयक पेश होने से बहस तेज होने की उम्मीद है।
