पटवारी से आरआई प्रमोशन घोटाला: EOW–ACB की बड़ी कार्रवाई, दो अफसर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) प्रमोशन परीक्षा में हुई कथित धांधली को लेकर EOW और ACB ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। छापेमारी के दूसरे दिन गुरुवार को टीम ने भू-अभिलेख विभाग में पदस्थ दो सहायक सांख्यिकी अधिकारियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अफसरों—वीरेंद्र जाटव और हेमंत कौशिक—को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। अधिकारी आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जता रहे हैं।
प्रश्नपत्र लीक कर लाभ पहुंचाने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से पैसे लेकर प्रमोशन परीक्षा का प्रश्नपत्र पहले ही उपलब्ध कराया था। इसके बदले भारी रकम ली गई और वरिष्ठ स्तर पर लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। EOW–ACB का कहना है कि उनके पास प्रश्नपत्र की अवैध तैयारी और लीक से जुड़े ठोस साक्ष्य मिल चुके हैं।
सात जिलों में दबिश, अहम दस्तावेज जब्त
इस घोटाले की शिकायत मिलने के बाद बीते वर्ष रायपुर समेत सात जिलों के 19 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई थी। इस दौरान कई महत्वपूर्ण पत्र, मोबाइल डेटा, डिजिटल रिकॉर्ड और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए थे। अब दोबारा जांच तेज कर बड़े अधिकारियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
20 स्थानों पर एक साथ छापे
गुरुवार को ACB और EOW की टीमों ने प्रदेशभर में 20 स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इसमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, जगदलपुर, गरियाबंद और महासमुंद जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। पटवारी से आरआई बने अधिकारियों के घरों पर छापे मारकर दस्तावेज और डिजिटल उपकरणों की तलाशी ली गई।
अंबिकापुर में चार आरआई के घर छापा
RI भर्ती 2024 के पेपर लीक मामले में अंबिकापुर में सुबह-सुबह चार अधिकारियों के घर छापा मारा गया। इनमें शामिल हैं— गौरीशंकर (महुआपारा), नरेश मौर्य (फुंदुर्दिहारी), धरमसाय लकड़ा (बौरीपारा, शिकारी रोड), अभिषेक सिंह (कोणार्क सिटी) चारों पर पेपर लीक में शामिल होने का संदेह है। मामले में पहले ही FIR दर्ज हो चुकी है।
बिलासपुर में भी अभिषेक सिंह के घर दबिश
बिलासपुर में 2024 की RI परीक्षा में गड़बड़ी की जांच के तहत टीम ने मिनोचा कॉलोनी स्थित आरआई अभिषेक सिंह के घर छापा मारा। अधिकारियों के अनुसार, कई दस्तावेज और डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
