दिल्ली धमाका केस: साजिशकर्ता आमिर की रिमांड 10 दिन बढ़ी, NIA करेगी गहन पूछताछ, खुलेंगे राज!
पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली धमाके के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे आरोपी आमिर को शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा में पेश किए जाने के बाद 10 दिनों की NIA रिमांड पर भेज दिया। कोर्ट में पेशी के दौरान जांच एजेंसी ने बताया कि उन्हें आरोपी के डिजिटल डिवाइस, संपर्कों, नेटवर्क और फंडिंग की पड़ताल के लिए अतिरिक्त समय चाहिए, जिस पर कोर्ट ने सहमति जताई।
उमर के साथ मिलकर बनाया था धमाके का प्लान
जांच में सामने आया है कि आमिर ने आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर नबी के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची थी। विस्फोट में इस्तेमाल हुई कार आमिर के नाम रजिस्टर्ड थी।वही कार को उसने VBIED (Vehicle-Borne Improvised Explosive Device) में बदला था। आमिर ने ही हमले के लिए कार उपलब्ध कराई और तैयारियों में भूमिका निभाई। कई राज्यों से जुड़ी कड़ियों की जांच की जा रही है, जिन पर अब जांच एजेंसी तेजी से काम कर रही है।
11 नवंबर को हुआ था गिरफ्तार, अब जांच एजेंसी कर रही गहराई से पूछताछ
NIA ने धमाके के अगले ही दिन 11 नवंबर को आमिर राशिद अली को दिल्ली से पकड़ा था।
लंबी पूछताछ के बाद उसकी भूमिका स्पष्ट होने पर उसे 16 नवंबर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
अब एजेंसी का फोकस है—
हमले के बड़े नेटवर्क का पता लगाना
प्लानिंग से जुड़े लॉजिस्टिक्स और फंडिंग की जानकारी निकालना
अन्य राज्यों में सक्रिय सहयोगियों की पहचान करना
जांच कई राज्यों में फैल चुकी, 73 गवाहों से पूछताछ
NIA अब तक धमाके की साजिश से जुड़े 73 गवाहों से पूछताछ कर चुकी है, जिनमें धमाके में घायल लोग भी शामिल हैं। मामले की कड़ियाँ लगातार दिल्ली, हरियाणा, यूपी और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों से जुड़ रही हैं। एजेंसी इन सभी राज्यों की यूनिटों के साथ मिलकर खोजबीन जारी रखे हुए है।
