विवादित टिप्पणी मामले में कथावाचक आशुतोष चैतन्य को मिली जमानत, कोर्ट ने दी यह हिदायत
बिलासपुर। तखतपुर में सतनामी समाज के बारे में अभद्र टिप्पणी करने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को विशेष एससी-एसटी न्यायालय ने जमानत दे दी है। न्यायालय ने उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की टिप्पणी न करने की हिदायत भी दी है।
गत सप्ताह तखतपुर के टिकरीपारा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कथावाचक ने सतनामी समाज के बारे में आपत्तिजनक बयान दिए थे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इससे आक्रोशित समुदाय के लोगों ने तखतपुर थाना घेराव किया था और कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने एडिशनल एसपी अर्चना झा के निर्देश पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शनिवार को कथावाचक को गिरफ्तार कर लिया था। उन्हें 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
हालांकि कथावाचक ने अपने बयानों के लिए माफी मांगी थी, लेकिन समाज के लोग उनकी गिरफ्तारी पर अड़े हुए थे। अब न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के बाद विवाद को कुछ शांति मिलने की उम्मीद है। पुलिस अभी भी मामले की जांच जारी रखे हुए है।
