Shrinagar Blast : श्रीनगर के नौगाम थाने में धमाका, अबतक 7 की मौत, 30 घायल

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में नौगाम पुलिस स्टेशन के परिसर में शुक्रवार देर रात एक जबरदस्त विस्फोट हो गया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। ज्यादातर पीड़ित पुलिसकर्मी और फॉरेंसिक टीम के सदस्य हैं। धमाके के बाद स्टेशन में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि घायलों का श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।

विस्फोटक जांच के दौरान दुर्घटना, फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़े 360 किलो विस्फोटक

पुलिस के अनुसार, यह विस्फोट जांच प्रक्रिया के दौरान हुआ। नौगाम पुलिस स्टेशन पर फरीदाबाद से जब्त 360 किलो विस्फोटकों के सैंपल निकाले जा रहे थे, तभी अचानक धमाका हो गया। विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट और अन्य रसायनों से बने थे, जो ‘व्हाइट-कॉलर’ आतंकी मॉड्यूल से जुड़े थे। इस मॉड्यूल का खुलासा हाल ही में हुआ था, जिसमें शिक्षित पेशेवर, डॉक्टर और कट्टरपंथी युवा शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया कि यह मॉड्यूल 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास आई20 कार ब्लास्ट से जुड़ा था, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई थी। उस घटना में भी अमोनियम नाइट्रेट आधारित विस्फोटक इस्तेमाल किए गए थे।

विस्फोट इतना जोरदार था कि पुलिस स्टेशन की इमारत का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। आसपास के क्षेत्रों में खिड़कियां-दरवाजे टूट गए, और धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। आग की लपटें आसमान छूने लगीं, जिससे कई वाहन भी जल गए। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संग्रहित किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोटक का पूरा स्टॉक स्टेशन पर रखा गया था या केवल सैंपल लाया गया था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

दिल्ली ब्लास्ट से लिंक, NIA और केंद्रीय एजेंसियां जांच में जुटीं
यह घटना दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट से जुड़े आतंकी नेटवर्क की पड़ताल के बीच हुई है। दिल्ली हादसे में एक ह्युंडई आई20 कार में विस्फोटक लादकर धमाका किया गया था, जिसमें 13 निर्दोषों की जान गई थी। जांच एजेंसियों को शक है कि नौगाम धमाके में भी उसी मॉड्यूल के विस्फोटकों की जांच के दौरान लापरवाही बरती गई। पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) terror group से भी लिंक की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया है। आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें जांच में शामिल हो गई हैं।

Youthwings