तिरपाल के नीचे छिपा रखा था 60 किलो गांजा, पुलिस ने आयशर ट्रक समेत दबोचे तस्कर
महासमुंद। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की सतत मुहिम जारी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना बसना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 60 किलोग्राम गांजे की खेप जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को धर दबोचा। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि आयशर ट्रक और दो मोबाइल फोन सहित कुल जब्ती की कीमत 22 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी, पलसापाली बैरियर पर पकड़ा ट्रक
10 नवंबर को बसना पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि ओडिशा से अवैध गांजे की बड़ी खेप आयशर ट्रक में पदमपुर होते हुए महासमुंद रूट से उत्तर प्रदेश जा रही है। सूचना पर पुलिस ने जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान पलसापाली बैरियर पर ओडिशा नंबर प्लेट वाला संदिग्ध आयशर ट्रक (UP 72 BT 3907) नजर आया। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक रोक लिया और तलाशी ली। ट्रक की तिरपाल के नीचे तीन बोरे में छिपाकर रखे 60 किलो गांजा बरामद हुआ।
आरोपी सद्दाम हुसैन और कियामुद्दीन कबूल चुके हैं जुर्म
ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम सद्दाम हुसैन (34 वर्ष) और कियामुद्दीन (26 वर्ष) बताया, जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश में ऊंचे दाम पर बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट की धारा 20(ब) के तहत मामला दर्ज किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
तस्करी के खिलाफ बड़ी जीत, जांच जारी
ANTF और बसना पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और सप्लायर्स की छानबीन कर रही है। छत्तीसगढ़ में ओडिशा बॉर्डर से गांजा तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता से ऐसे गिरोहों पर लगाम लग रही है। जिले में नशे के खिलाफ अभियान और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
