Bilaspur Train Accident Update : 4 नवंबर के भीषण रेल हादसे ने फिर छीनी एक और जान, अब तक 13 की मौत! जांच में खुल सकते हैं चौंकाने वाले सच

Bilaspur Train Accident Update: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल हादसे से एक और दर्दनाक खबर सामने आई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बैमा निवासी पवन गढ़वाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस भीषण रेल हादसे में मृतकों की संख्या अब 13 तक पहुंच गई है।

जानकारी के मुताबिक, पवन गढ़वाल 4 नवंबर की शाम को नैला स्टेशन से कोरबा-बिलासपुर एमईएमयू लोकल ट्रेन में सवार हुए थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और उनका इलाज लगातार चल रहा था, लेकिन सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

4 नवंबर को हुआ था भयावह हादसा

यह भीषण हादसा 4 नवंबर की शाम को गतोरा और लालखदान स्टेशन के बीच हुआ था। कोरबा-बिलासपुर एमईएमयू लोकल ट्रेन यहां खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एमईएमयू ट्रेन के कई डिब्बे मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गए और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। रेलवे और जिला प्रशासन की टीमें, साथ ही एनडीआरएफ के जवान राहत-बचाव कार्य में जुट गए थे।

मानवीय गलती या सिग्नलिंग सिस्टम की त्रुटि?

शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि हादसा या तो सिग्नलिंग सिस्टम की त्रुटि या मानवीय गलती के कारण हुआ। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

सूत्रों के मुताबिक, टक्कर के समय ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण नुकसान अधिक हुआ। हादसे के दौरान कई यात्रियों ने ट्रेन के दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ लोग अंदर फंसे रह गए।

कई घायल अब भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं

हादसे में घायल यात्रियों का इलाज CIMS अस्पताल और अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार, कुछ यात्रियों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। मृतकों में ज्यादातर यात्री कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिले के बताए जा रहे हैं।

सरकार ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

रेलवे ने गठित की उच्च स्तरीय जांच टीम

रेलवे विभाग ने इस दर्दनाक हादसे की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय टीम का गठन किया है, जिसमें सुरक्षा और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं।

टीम ने ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और इंजन रिकॉर्ड की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद लापरवाही या सिस्टम फेल्योर की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

सीएम विष्णुदेव साय ने जताया दुख

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायल यात्रियों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए रेलवे से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

Youthwings