सूदखोर वीरेंद्र तोमर का रायपुर पुलिस ने निकाला जुलूस, ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है’, देखें Video …

रायपुर। तोमर बंधुओं के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब छह महीने से फरार हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी को ग्वालियर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया है। करोड़ों की अवैध वसूली, हथियार और हिंसक वारदातों में शामिल यह आरोपी जून से फरार था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने वीरेंद्र तोमर का रायपुर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी को पुलिस ने नारा लगवाया— “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है।” जुलूस के दौरान वह कई बार गिरता नजर आया और अंत में बेहोश हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे वाहन में बैठाकर थाने ले गई। मौके पर उसकी पत्नी भी मौजूद थी, जो रोती-चिल्लाती नजर आई।

6 माह से था फरार, ग्वालियर से पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी के खिलाफ तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में कई गंभीर मामले दर्ज हैं—जिनमें मारपीट, आर्म्स एक्ट, अवैध संपत्ति और करोड़ों की उगाही जैसे अपराध शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वह “विस्टों फाइनेंस” नाम से एक ग्रुप बनाकर अवैध वसूली करता था।

पुलिस ने आरोपी के ठिकानों पर पहले भी छापेमारी की थी, जिसमें अवैध हथियार और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे।

भाई अब भी फरार, इनाम की घोषणा थी
वीरेंद्र और उसका भाई रोहित सिंह तोमर दोनों जून से फरार थे। पुलिस ने राजस्थान, हरियाणा और ग्वालियर में लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी बार-बार ठिकाना बदलता रहा। आखिरकार पुलिस की विशेष टीम ने ग्वालियर में रूबी को ट्रैक कर दबोच लिया। उसके भाई की तलाश अभी भी जारी है।

इन धाराओं में दर्ज हैं मामले:
तेलीबांधा थाना – अपराध क्रमांक 332/2025, धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस
पुरानी बस्ती थाना – अपराध क्रमांक 229/25, धारा 25 आर्म्स एक्ट
पुरानी बस्ती थाना – अपराध क्रमांक 230/25, धारा 308(2), 111(1) भा.न्या.सं. एवं धारा 4 छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम

रायपुर एसएसपी ने वीरेंद्र और रोहित सिंह तोमर की गिरफ्तारी पर नकद इनाम की घोषणा की थी।

गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरानी बस्ती निरीक्षक शील आदित्य सिंह, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय, सतीश पुरिया, मुकेश सोरी, गेंदूराम नवरंग, गुरुदयाल सिंह, उपेंद्र यादव, महेंद्र राजपूत, सुनील सिलवाल, प्रमोद वर्थी, घनश्याम साहू, बसंती मौर्या, प्रमोद बेहरा, विकास क्षत्री, भूपेंद्र मिश्रा, मनोज सिंह, संतोष सिन्हा, आशीष राजपूत और अभिषेक सिंह तोमर की प्रमुख भूमिका रही।

Youthwings