प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद गुस्साए युवक ने मां के सिर पर हथौड़ा से किया हमला
रायपुर। ब्रेकअप और बातचीत बंद होने से नाराज एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर पूर्व प्रेमिका की मां पर हथौड़ा से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना रायपुरा के गौरा चौक स्थित यादवपारा की है। पीड़िता आरती विश्वकर्मा ने देवेंद्र नगर निवासी दीपक अग्रवाल के खिलाफ डीडीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दीपक और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास (IPC 307) का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, घरवालों के विरोध के बाद अलग रहने लगी युवती
आरती ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के जरिए दीपक अग्रवाल से उसकी मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए, लेकिन आरती के परिजन दीपक को पसंद नहीं करते थे। विरोध के चलते जनवरी 2025 में आरती खम्हारडीह में किराए का मकान लेकर अलग रहने लगी। इस दौरान दीपक उसके साथ मारपीट करने लगा।
मारपीट से तंग आकर किया ब्रेकअप, मां के पास लौटी
मारपीट से परेशान होकर आरती ने दीपक से ब्रेकअप कर लिया और अपनी मां के पास वापस चली गई। ब्रेकअप के बाद उसने दीपक का नंबर ब्लॉक कर नया सिम ले लिया।
बात कराने के दबाव में की गाली-गलौज, शुक्रवार को हथौड़ा से हमला
दीपक ने आरती की मां को फोन कर बेटी से बात कराने का दबाव बनाया। इनकार करने पर गाली-गलौज करने लगा। शुक्रवार को जब आरती की मां काम पर जा रही थीं, तभी दीपक अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। उसने मां के सिर पर हथौड़ा से कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी दीपक अग्रवाल और उसके अज्ञात साथी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच डीडीनगर थाना प्रभारी कर रहे हैं।
