Venkteshwara Temple Stampede: वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़, एक ही रास्ते से निकलते हुए मचा हड़कंप, 9 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत
Venkteshwara Temple Stampede: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एकादशी के मौके पर वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। भगवान के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ में भगदड़ मच गई, जिससे 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मंदिर के निर्माणाधीन होने और प्रवेश-निकास का केवल एक ही मार्ग होने के कारण हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि यह मंदिर एक निजी प्रबंधन समिति द्वारा संचालित किया जा रहा था और इसे चलाने के लिए किसी सरकारी अनुमति या मान्यता नहीं ली गई थी। इसके बावजूद मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्तिक एकादशी और शनिवार के मौके पर दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों के आने-जाने का एक ही रास्ता होने के कारण भगदड़ की स्थिति बन गई।
चार महीने पहले ही खुला था मंदिर
काशीबुग्गा कस्बे में स्थित यह वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर अभी पूरी तरह से तैयार भी नहीं हुआ था। चार महीने पहले ही इसका उद्घाटन हुआ था और निर्माण कार्य अभी जारी था। मंदिर परिसर में आने-जाने का केवल एक ही रास्ता था। जब हजारों लोग एक साथ दर्शन के लिए पहुंचे तो स्टील की रेलिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े।
मंदिर में मचा हाहाकार
हादसा सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट पर हुआ। सात श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। भगदड़ के बाद मंदिर परिसर का नजारा भयावह था—जमीन पर पूजा का सामान बिखरा पड़ा था, महिलाएं और बुजुर्ग बेसुध पड़े थे, कुछ लोग घायल श्रद्धालुओं को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश कर रहे थे।
स्थानीय लोगों की मान्यता और पृष्ठभूमि
यह मंदिर 80 वर्षीय किसान मुकुंद पांडा ने अपने खेत में बनवाया था। उन्होंने इसे तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर की तर्ज पर बनाया था। स्थानीय लोग इसे “छोटे तिरुपति” के नाम से जानते हैं। मंदिर के प्रति लोगों की श्रद्धा इतनी गहरी थी कि एकादशी के अवसर पर हजारों लोग पूजा के लिए उमड़ पड़े।
सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया
हादसे के तुरंत बाद पुलिस, मेडिकल टीम और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा—
“श्रीकाकुलम जिले के वेंकटेश्वर मंदिर में हुई घटना बेहद दुखद है। प्रशासन को सभी पीड़ितों की मदद करने और घायलों के इलाज में कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।”
डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने जताई संवेदना
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी घटना को “बेहद दुखद” बताया। उन्होंने कहा—
“कार्तिक एकादशी के दिन हुआ यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों को हरसंभव मदद व चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।”
उन्होंने अधिकारियों से राज्य के सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को और सख्त करने को कहा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
