NDA VS Mahagathbandhan Manifesto: बिहार में कौन देगा नौकरी, किसका वादा है भारी? पढ़े पूरी खबर
NDA VS Mahagathbandhan Manifesto: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए और महागठबंधन दोनों ने अपने-अपने घोषणापत्र जारी कर दिए हैं। दोनों गठबंधन ने रोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर बड़े-बड़े वादे किए हैं।
रोजगार के वादे
महागठबंधन ने हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है, जबकि एनडीए ने एक करोड़ नौकरियों का दावा किया है।
एनडीए ने कहा है कि ये नौकरियां स्किल सेंसस के बाद दी जाएंगी और हर जिले में मेगा स्किल सेंटर बनाया जाएगा, ताकि बिहार को ग्लोबल स्किलिंग हब बनाया जा सके।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
एनडीए ने महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दो लाख रुपये की मदद और एक करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। साथ ही मिशन करोड़पति के तहत महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
वहीं महागठबंधन ने माई बहिन मान योजना के तहत महिलाओं को पांच साल तक हर महीने ₹2500 देने का वादा किया है।
ईबीसी और दलित वर्ग पर फोकस
एनडीए ने ईबीसी बिजनेस ग्रुप्स को ₹10 लाख तक की मदद और सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में कमेटी बनाने की घोषणा की है।
महागठबंधन ने मोस्ट बैकवर्ड क्लास एट्रोसिटी प्रिवेंशन एक्ट लाने और पंचायतों व शहरी निकायों में ईबीसी आरक्षण को 20% से बढ़ाकर 30% करने का प्रस्ताव दिया है।
एससी-एसटी समुदाय के लिए, महागठबंधन ने विदेश शिक्षा हेतु 200 स्कॉलरशिप, जबकि एनडीए ने 2000 रुपये मासिक वजीफा और स्पेशल वेंचर फंड का ऐलान किया है।
किसानों के लिए घोषणाएं
एनडीए ने कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को तीन साल तक हर वर्ष ₹3000 देने का वादा किया है।
साथ ही एग्री-इंफ्रास्ट्रक्चर पर हर साल ₹1 लाख करोड़ खर्च, पंचायत स्तर पर एमएसपी खरीद, और 5 मेगा फूड पार्क बनाने का भी वादा किया गया है।
वहीं, महागठबंधन ने सभी फसलों पर एमएसपी, एपीएमसी एक्ट की वापसी और मनरेगा में मजदूरी ₹300 प्रतिदिन करने तथा 200 दिन का काम देने का वादा किया है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाएं
एनडीए ने 125 यूनिट फ्री बिजली, 5 लाख तक मुफ्त इलाज, और 50 लाख नए घर देने की घोषणा की है।
महागठबंधन ने 200 यूनिट फ्री बिजली, ₹1500 पेंशन, और 25 लाख परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का वादा किया है।
एनडीए ने ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों के लिए ₹4 लाख बीमा और कोलैटरल-फ्री लोन की भी बात कही है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार
एनडीए ने गरीब बच्चों के लिए केजी से पीजी तक मुफ्त पढ़ाई, 5000 करोड़ निवेश से स्कूल अपग्रेडेशन, और एआई हब के रूप में बिहार को विकसित करने का संकल्प लिया है। महागठबंधन ने 2000 एकड़ की एजुकेशन सिटी बनाने की बात कही है।
एनडीए ने हर जिले में विश्व स्तरीय मेडिसिटी और मेडिकल कॉलेज, साथ ही स्पोर्ट्स सिटी बनाने का भी वादा किया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरी विकास
एनडीए ने 7 एक्सप्रेसवे, 3600 किमी रेलवे ट्रैक मॉडर्नाइजेशन, और 4 शहरों में मेट्रो सिटी बनाने की योजना पेश की है।
महागठबंधन ने 5 नए एक्सप्रेसवे और शहरी विकास प्रोजेक्ट्स का ऐलान किया है।
धार्मिक पर्यटन
एनडीए ने मिथिला में सीतापुरम स्पिरिचुअल सिटी के निर्माण की घोषणा की है।
साथ ही मां जानकी मंदिर कॉरिडोर, महाबोधि कॉरिडोर, और रामायण-जैन-बौद्ध सर्किट के विकास का भी वादा किया है।
बिहार चुनाव में इस बार दोनों गठबंधन विकास, रोजगार और सामाजिक कल्याण को लेकर वादों की झड़ी लगा चुके हैं। जनता के लिए असली सवाल यह है कि इन वादों में से कितने धरातल पर उतरेंगे।
