शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी: 4708 शिक्षकों की होगी भर्ती…
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। लंबे इंतजार के बाद राज्य में शिक्षकों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राज्य सरकार ने इसके लिए आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। पहले चरण में 5000 में से 4708 पदों पर भर्ती की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने वित्त विभाग से अनुमति मिलने के बाद यह आदेश जारी किया है। विभाग के अवर सचिव ने इस संबंध में डीपीआई को पत्र लिखा है, ताकि आगे की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके।
अब व्यापम लेगा परीक्षा
सूत्रों के अनुसार, अब स्कूल शिक्षा विभाग से फाइनल अनुमति मिलने के बाद व्यापम (Vyapam) को परीक्षा आयोजित करने के लिए पत्र भेजा जाएगा।
विभाग पहले ही परीक्षा के ड्राफ्ट को मंजूरी दे चुका है, जिससे भर्ती प्रक्रिया में देरी की संभावना कम हो गई है।
मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान शिक्षक भर्ती की घोषणा की थी। सरकार ने कुल 30 हजार शिक्षकों की भर्ती करने की योजना बनाई है, लेकिन इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 4708 शिक्षकों की भर्ती, उसके बाद अन्य चरणों में बाकी पदों को भरा जाएगा।
