Morning News : चक्रवात ‘मोन्था’ का छत्तीसगढ़ में बढ़ता असर, दक्षिणी जिलों में रेड अलर्ट
Chhattisgarh Morning News
मौसम विभाग ने चक्रवात ‘मोन्था’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के पांच जिलों नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। बस्तर में काले बादल छाए हुए हैं और तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। हवाओं की गति 60-70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि अधिकतम 80 किमी प्रति घंटे तक जाने का अनुमान है। रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में भी आज तेज हवाएं एवं बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है।
एसआईआर की शुरुआत आज से, मतदाता सूची संशोधन की समयसीमा घोषित
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की शुरुआत मुद्रण/प्रशिक्षण के साथ 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक होगी। घर-घर गणना चरण 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा। मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को होगा। दावे और आपत्तियों की अवधि 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक रहेगी। नोटिस चरण (सुनवाई और सत्यापन) 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को होगा। छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ 11 लाख से अधिक मतदाता हैं और एसआईआर के लिए 13 दस्तावेज मान्य होंगे।
नगर निगम की सामान्य सभा बैठक आज, 14 एजेंडों पर चर्चा
रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक आज आयोजित होगी। नए परिषद के बजट के बाद यह दूसरी सामान्य सभा होगी। बैठक में 14 एजेंडों पर चर्चा की जाएगी। सभा के शुरुआती एक घंटे में प्रश्नकाल होगा, जिसमें पार्षद अपने वार्डों से जुड़े सवालों के जवाब लेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अंबिकापुर दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अंबिकापुर का दौरा करेंगे। दोपहर में गृह ग्राम बगिया से रवाना होंगे और बगिया हेलीपैड से अंबिकापुर के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2 बजे अंबिकापुर में बाबा कार्तिक उराव जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3:35 बजे अंबिकापुर से राजधानी रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 5 बजे रायपुर निवास पहुंचेंगे।
राज्य स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ में भव्य राज्योत्सव, जिला मुख्यालयों में आयोजन
राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में भव्य राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे। सभी जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम होंगे, जिसमें मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि रहेंगे। रायपुर से सरकार ने मुख्य अतिथियों की सूची जारी की है—राजनांदगांव में डॉ. रमन सिंह, बिलासपुर में तोखन साहू, बस्तर में उप मुख्यमंत्री अरूण साव, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सरगुजा में कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि होंगे। हर जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य और प्रदर्शनियां लगेंगी। परंपरा, संस्कृति और विकास का संगम दिखेगा। जनभागीदारी के साथ छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 मनाया जाएगा।
शराब घोटाले में चैतन्य बघेल की रिमांड आज समाप्त, कोर्ट में पेशी
शराब घोटाले मामले में ईओडब्ल्यू द्वारा गिरफ्तार चैतन्य बघेल की न्यायिक रिमांड आज समाप्त हो रही है। ईओडब्ल्यू की विशेष कोर्ट ने उन्हें 29 अक्टूबर तक जेल भेजा था। रिमांड खत्म होने के बाद आज चैतन्य बघेल को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
