रायगढ़ NRVS प्लांट में बड़ा हादसा: ब्लास्ट फर्नेस फटने से मची अफरा-तफरी, उठे काले धुएं के गुबार

NRVS plant Blast

NRVS plant Blast

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तराईमाल स्थित NRVS प्लांट में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस में अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाका इतना तेज था कि आग की लपटें आसमान तक उठ गईं और दूर-दूर से दिखाई देने लगीं।

मजदूर झुलसा, हालत गंभीर

धमाके के दौरान प्लांट का मजदूर राम नारायण यादव गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

अफरा-तफरी और धुएं का गुबार

विस्फोट के बाद पूरे प्लांट परिसर में घना धुआं फैल गया और मजदूरों के बीच भगदड़ मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही कंपनी प्रबंधन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई गई है कि फर्नेस के अंदर दबाव बढ़ने से विस्फोट हुआ।

प्रबंधन का बयान

NRVS प्लांट प्रबंधन ने कहा है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही, प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि घायल मजदूर का पूरा इलाज कंपनी वहन करेगी।

Youthwings