बिलासपुर के सीपत थाने में विवाद, पीएम-सीएम की तस्वीर वाले पोस्टर से ढका शौचालय
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर का सीपत थाना विवादों के घेरे में आ गया है। थाना परिसर में स्थित सार्वजनिक शौचालय का दरवाजा टूटने के बाद उसे ‘सुशासन तिहार’ के पोस्टर से ढक दिया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीरें हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कड़ा विरोध जताया। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई और थाना प्रभारी को हटाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, टूटे शौचालय के दरवाजे को ठीक करने के बजाय उस पर पीएम और सीएम की तस्वीरों वाला पोस्टर लगा दिया गया। इससे नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि थाना प्रभारी के संरक्षण में अवैध गतिविधियां चल रही हैं, जिनमें थाना परिसर में शराबखोरी भी शामिल है। इसके अलावा, थाने से लोकार्पण का शिलालेख हटाने का भी आरोप लगाया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। डीएसपी निमितेश सिंह के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता शांत हुए।
