Gold and Silver Rates: सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट: धनतेरस पर चांदी की खरीदारी में दिखी जोरदार तेजी
gold and silver rates
Gold and Silver Rates: दिवाली के शुभ अवसर पर धनतेरस पर देशभर के बाजारों में रौनक देखने को मिली। हालांकि इस बार सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी की मांग में जबरदस्त उछाल आया। राजधानी में शनिवार को 24 कैरेट सोना 2,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, शुक्रवार को सोने की कीमत 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। लेकिन अगले ही दिन यह 1,32,400 रुपये पर आ गई। वहीं, 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 2,400 रुपये घटकर 1,31,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
एक साल में 62% बढ़ा सोना, लेकिन अब आई गिरावट
पिछले साल धनतेरस (29 अक्टूबर 2024) पर 24 कैरेट सोना 81,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था। यानी एक साल में सोने के भाव में करीब 51,000 रुपये या 62.65% की भारी वृद्धि हुई। लेकिन धनतेरस से ठीक पहले सोने की कीमतों में गिरावट ने ग्राहकों को राहत दी।
चांदी के दाम में गिरावट, फिर भी खरीदारी का बूम
चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को चांदी 7,000 रुपये सस्ती होकर 1,70,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंची। शुक्रवार को यह 1,77,000 रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी। हालांकि पिछले साल की तुलना में चांदी अब भी 70.51% महंगी है।
धनतेरस के मौके पर भारी-भरकम दामों के बावजूद चांदी की बिक्री में 40% तक की वृद्धि दर्ज की गई। चांदी के सिक्कों और बार्स की मांग ने इस बार सोने की चमक को भी फीका कर दिया।
कमजोर वैश्विक संकेतों से टूटी सोने की रफ्तार
व्यापारियों के अनुसार, सोने की कीमतों में गिरावट की मुख्य वजह वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत हैं। भारी तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू की, जिससे दाम नीचे आ गए।
कामा ज्वेलरी के एमडी कोलिन शाह ने बताया, “धनतेरस ने अपनी पारंपरिक चमक इस बार भी बरकरार रखी। ऊंची कीमतों के बावजूद उपभोक्ताओं की दिलचस्पी निवेश में बरकरार रही।”
सोने की बिक्री में गिरावट, लेकिन चांदी ने मारी बाजी
ज्वेलरी संगठनों के अनुसार, इस बार सोने की बिक्री में मात्रा के लिहाज से करीब 15% की कमी आई है। वहीं चांदी की बिक्री में 35-40% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है।
अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (GJC) के अध्यक्ष राजेश रोकड़े ने कहा, “धनतेरस 2025 में पिछले वर्ष की तुलना में कुल बिक्री में 10-15% की गिरावट देखने को मिली है, लेकिन मूल्य के हिसाब से तेजी रही। उम्मीद है कि त्योहारी बिक्री 50,000 करोड़ रुपये के पार जाएगी।”
