KBC में चमका छत्तीसगढ़ का नाम, पत्रकार रोमशंकर यादव को मिला “फोर्स फॉर गुड हीरोज़” अवार्ड
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने “कौन बनेगा करोड़पति” (KBC) के मंच पर छत्तीसगढ़ के पर्यावरण कार्यकर्ता और राज्य अलंकरण से सम्मानित पत्रकार रोमशंकर यादव को “फोर्स फॉर गुड हीरोज़” अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पिछले 27 वर्षों से किए जा रहे योगदान के लिए दिया गया है।
केबीसी के इस सीजन में पूरे भारत से ऐसे 10 लोगों को “फोर्स फॉर गुड हीरोज़” के रूप में चुना गया है, जिनमें से एक नाम रोमशंकर यादव का भी है। इस मौके पर अमिताभ बच्चन ने आदित्य बिड़ला ग्रुप की ओर से यादव को स्मृति चिन्ह प्रदान किया और उनकी मुहिम की सराहना की।
अमिताभ बच्चन हुए प्रभावित, बोले— “मैं भी करूंगा पौधरोपण”
कार्यक्रम के दौरान अमिताभ बच्चन रोमशंकर यादव की पर्यावरण संरक्षण मुहिम से गहराई से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि अब वे भी हर साल अपने जन्मदिन और अन्य मांगलिक अवसरों पर पौधरोपण करेंगे और लोगों को पौधे भेंट करेंगे।
उन्होंने यादव की उस पहल की प्रशंसा की, जिसके तहत वे जन्मदिन, शादी, गृह प्रवेश जैसे अवसरों पर लोगों को पौधे भेंट करते हैं और पौधरोपण के लिए प्रेरित करते हैं।
पर्यावरण प्रेम ने पत्रकार को बनाया कार्यकर्ता
यादव ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पेड़-पौधों से लगाव था, लेकिन पर्यावरण रिपोर्टिंग करते-करते वे खुद पर्यावरण कार्यकर्ता बन गए।
उन्होंने बताया कि वे स्व. गैंदलाल देशमुख से प्रेरित हुए, जिन्होंने अपने दम पर 5 एकड़ बंजर ज़मीन को जंगल में बदल दिया था।
वहीं दूसरी ओर उन्होंने देखा कि मरौदा डेम और डुन्डेरा गांव के आसपास बीएसपी द्वारा लगाए गए लाखों पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हो रही थी।
इससे प्रेरित होकर उन्होंने साथियों — ज्ञानप्रकाश साहू, प्रेमनारायण वर्मा, सरोज साहू, राजेश चंद्राकर, विश्वकुमार साहू आदि के साथ मिलकर हितवा संगवारी संगठन की स्थापना की और पेड़ों को बचाने की मुहिम शुरू की।
साढ़े आठ लाख पेड़ों को बचाया, लाखों नए पौधे लगाए
रोमशंकर यादव और उनकी टीम ने अब तक लगभग 6.5 लाख पेड़ों को कटने से बचाया है और 2 लाख से अधिक नए पौधे लगाए हैं।
इस तरह उन्होंने कुल 8.5 लाख पेड़ों का संरक्षण किया है। इसके अलावा उन्होंने खारून नदी के तट पर लगभग 250 किमी की पदयात्रा भी की है, ताकि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा सके।
“पेड़ लगाना सबसे निःस्वार्थ पूजा है” — रोमशंकर यादव
केबीसी के मंच पर बातचीत के दौरान यादव ने कहा —
“पेड़ लगाना और उसकी रक्षा करना सबसे निःस्वार्थ पूजा है। जब कोई व्यक्ति पूजा करता है तो केवल अपने परिवार की भलाई की कामना करता है, लेकिन पेड़ लगाने से वह पूरी मानवता को ऑक्सीजन देता है — चाहे वह मित्र हो या शत्रु।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने जन्मदिन, शादी या गृह प्रवेश जैसे मौकों पर सिर्फ एक पौधा रोपकर उसकी देखभाल करे, तो भारत हरियाली से भर सकता है।
सरकार से की खास अपील
रोमशंकर यादव ने कार्यक्रम में सरकार से भी आग्रह किया कि शासकीय पौधरोपण अभियानों में एकरूपता लाई जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि हर क्षेत्र में एक ही प्रकार के फलदार पेड़ एक साथ लगाए जाएं, तो यह न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगा, बल्कि भविष्य में यह आर्थिक रूप से उत्पादक निवेश भी साबित होगा।
