Durgapur Gangrape: बंगाल पुलिस का त्वरित एक्शन, मेडिकल छात्रा से दरिंदगी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
Durgapur Gangrape
Durgapur Gangrape: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) मामले में बंगाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली है।
आसनसोल दुर्गापुर पुलिस के अनुसार, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना शुक्रवार देर रात दुर्गापुर स्थित संबंधित मेडिकल संस्थान के परिसर के बाहर वन क्षेत्र में घटी थी। पुलिस ने पुष्टि की है कि मामले की जाँच गंभीरता से चल रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने जताया दुख और दिया न्याय का आश्वासन:
इस घटना पर पश्चिम बंगाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस के पोस्ट को रीपोस्ट किया। पुलिस ने कहा कि निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा पर हुए यौन उत्पीड़न से वे ‘बेहद दुखी’ हैं और सभी को आश्वस्त किया कि दोषियों को सज़ा ज़रूर मिलेगी।
बंगाल पुलिस ने यह भी कहा कि पीड़िता का दर्द जितना ओडिशा का है, उतना ही उनका भी है और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की हालत में सुधार हो रहा है और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। पुलिस ने लोगों से इस संबंध में कोई भी असत्यापित जानकारी साझा करने से बचने का आग्रह किया और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के संबंध में अपनी ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ पर कायम रहने की बात दोहराई।
विपक्ष का ममता सरकार पर हमला:
इस बीच, पश्चिम बंगाल के विपक्षी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में नारी का सम्मान सुरक्षित नहीं है। शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गापुर और जलपाईगुड़ी की अन्य घटनाओं का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विशेष समुदाय को बढ़ावा दे रही हैं तथा सरकार बलात्कारियों को बचा रही है।
