Shilpa Shetty News: शिल्पा शेट्टी से 60 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में मुंबई पुलिस की 4.30 घंटे लंबी पूछताछ..

Shilpa Shetty News

Shilpa Shetty News

मुंबई। Shilpa Shetty News: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोमवार को शिल्पा शेट्टी के घर पहुंचकर उनसे करीब 4 घंटे 30 मिनट तक पूछताछ की। पुलिस टीम ने इस दौरान शिल्पा और राज कुंद्रा दोनों के बयान दर्ज किए। यह मामला लगभग 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ा है, जो अब बंद हो चुकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित है।

शिल्पा शेट्टी से घर पर पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह मुंबई पुलिस की EOW टीम शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित घर पहुंची। पूछताछ के दौरान उनसे उनकी एडवरटाइजिंग कंपनी के बैंक खातों में हुए कथित ट्रांजेक्शनों को लेकर सवाल किए गए। पुलिस ने कंपनी से जुड़े फंड ट्रांसफर और खर्च के दस्तावेजों की जांच की।
बताया जा रहा है कि शिल्पा ने जांच टीम को कई वित्तीय दस्तावेज और ट्रांजेक्शन डिटेल्स उपलब्ध कराईं, जिनकी अब वेरिफिकेशन प्रक्रिया जारी है।

राज कुंद्रा ने दी पुलिस को सफाई

इस मामले में राज कुंद्रा से भी EOW अधिकारियों ने पूछताछ की। रिपोर्ट्स के अनुसार, राज ने बताया कि धोखाधड़ी की शिकायत करने वाले दीपक कोठारी की NBFC कंपनी से उन्होंने 60 करोड़ रुपये का लोन लिया था। बाद में इस रकम को कोठारी की कंपनी में इक्विटी निवेश के रूप में एडजस्ट कर दिया गया।
राज ने बताया कि इस लोन में से लगभग 20 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सेलिब्रिटी प्रमोशन, ब्रॉडकास्ट और अन्य कारोबारी गतिविधियों पर किया गया। राज कुंद्रा ने पुलिस को बिपाशा बसु और नेहा धूपिया को किए गए प्रमोशनल पेमेंट के सबूत और संबंधित तस्वीरें भी सौंपी हैं।

जांच के दायरे में शिल्पा शेट्टी का नाम क्यों?

EOW अधिकारियों के मुताबिक, जांच में शामिल कंपनी की शिल्पा शेट्टी एक बड़ी शेयरहोल्डर हैं। इसलिए उन्हें पूछताछ के दायरे में शामिल किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि शेयरहोल्डर होने के बावजूद शिल्पा ने कंपनी से सेलिब्रिटी फीस ली, जिसे कंपनी के खर्च के रूप में दिखाया गया। पुलिस का मानना है कि यह रकम की हेराफेरी और धोखाधड़ी का संकेत है।

क्या है पूरा मामला?

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने इस साल अगस्त 2025 में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ 60.4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। इसके बाद सितंबर में दोनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था।
यह मामला बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है, जिसमें यूवाई इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर दीपक कोठारी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि 2015 से 2023 के बीच राज और शिल्पा ने उन्हें बिजनेस में इन्वेस्ट करने के लिए प्रेरित किया था, लेकिन बाद में भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

इस मामले में अब EOW ने शिल्पा और राज दोनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस कंपनी के अकाउंट्स, ट्रांजेक्शन और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।

Youthwings