Chhattisgarh Morning News : राज्यपाल रमेन डेका का बलरामपुर दौरा, CM छत्तीसगढ़ माइनिंग कॉन्क्लेव 2025 में होंगे शामिल, देखें आज की बड़ी खबरें
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News : राज्यपाल रमेन डेका का बलरामपुर दौरा
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका आज बलरामपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे राजपुर विकासखंड के घाट गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को चाबियां सौंपेंगे और आजीविका गतिविधियों के साथ-साथ कृषि संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
CM विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ माइनिंग कॉन्क्लेव 2025 में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित “छत्तीसगढ़ माइनिंग कॉन्क्लेव 2025” में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से आयोजित होगा, जहां प्रदेश में खनन कार्यों की स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी। दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम जाएंगे और “राष्ट्रीय मछुआरा जागरूकता सम्मेलन” में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे वे निवास लौटेंगे।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह का आगाज़
प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी 6 से 10 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जाएगा। 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य नागरिकों व संस्थानों को डाक सेवाओं की अहमियत और उनके वैश्विक, सामाजिक और आर्थिक महत्व से अवगत कराना है।
इस दौरान अलग-अलग दिनों पर विशेष आयोजन होंगे—6 अक्टूबर को टेक्नोलॉजी दिवस, 7 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन दिवस, 8 अक्टूबर को फिलाटेली एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस, 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस और 10 अक्टूबर को ग्राहक दिवस।
कबड्डी चयन ट्रायल आज
रायपुर के प्रगति क्लब मैदान पंडरी में आज सुबह 9 बजे से जिला स्तरीय कबड्डी चयन स्पर्धा आयोजित की जाएगी। इसमें सब-जूनियर टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की आयु 31 दिसंबर 2009 या उसके बाद की होनी चाहिए और वजन 55 किलोग्राम से कम होना चाहिए। पंजीयन शुल्क 100 रुपए रखा गया है।
कल से राज्य मास्टर्स रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता
रायपुर के सप्रे शाला हाल में 5 अक्टूबर से प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य मास्टर्स रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ और वेटरन्स टेबल टेनिस समिति द्वारा आयोजित होगी। इसमें 40 से 75 वर्ष तक के विभिन्न आयु वर्गों में पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। लगभग 130 प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
डी.एम.एफ. मद में संविदा भर्ती के लिए इंटरव्यू
कबीरधाम जिले में डी.एम.एफ. फंड के तहत विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती हेतु 6 अक्टूबर को वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित होगा। इसमें रेडियोलॉजिस्ट, गायनेकोलॉजिस्ट, सर्जन और स्टाफ नर्स के कुल 7 पद शामिल हैं। चयनित विशेषज्ञ डॉक्टरों को 1.5 लाख रुपये मानदेय और स्टाफ नर्स को 12 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारी
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 6 अक्टूबर को दिल्ली जाकर राष्ट्रपति को आमंत्रित करेंगे।
आज शहर में होने वाले कार्यक्रम
- शिक्षादीप सम्मान समारोह – शाम 6 बजे, मैक कॉलेज ऑडिटोरियम, शिवानी स्मृति सेवा संस्थान।
- निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप – सुबह 8.30 बजे, नूतन स्कूल, टिकरापारा।
