बलरामपुर में रेत माफियाओं की हैवानियत: कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर हमला, कांस्टेबल की हत्या के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर स्थित बलरामपुर जिले के लिबरा गांव में 11 मई की रात अवैध रेत परिवहन की शिकायत पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर रेत माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल शिवबचन सिंह को ट्रैक्टर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे प्रदेश में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद सत्तारूढ़ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही थी।
चार आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर जब्त
इस जघन्य वारदात के मामले में पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए आज चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त दो ट्रैक्टरों को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी हैं। इनके नाम इस प्रकार हैं:
- आरीफूल हक (24 वर्ष) – खाला टोला, सेराजनगर, थाना धुरकी, जिला गढ़वा (झारखंड)
- जमील अंसारी (41 वर्ष) – खाला टोला, सेराजनगर, थाना धुरकी, जिला गढ़वा (झारखंड)
- शकील अंसारी (22 वर्ष) – खाला टोला, सेराजनगर, थाना धुरकी, जिला गढ़वा (झारखंड)
- अकबर अंसारी (50 वर्ष) – अरसली, थाना भवनाथपुर, जिला गढ़वा (झारखंड)
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच अभी भी जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सीएम विष्णुदेव साय का सख्त संदेश: किसी को बख्शा नहीं जाएगा
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, “अवैध रेत कारोबार और अपराधियों के खिलाफ सरकार की नीति स्पष्ट है — चाहे वे किसी भी राज्य या क्षेत्र से हों, कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
घटना का विवरण
11 मई की रात बलरामपुर के लिबरा गांव में अवैध रेत की तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान रेत माफियाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया और कांस्टेबल शिवबचन सिंह को ट्रैक्टर से कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। यह हत्या न केवल कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हुई, बल्कि रेत माफियाओं के बेखौफ नेटवर्क की पोल भी खोल गई।
थाना प्रभारी निलंबित
घटना के बाद सरगुजा रेंज के आईजी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सनवाल थाना प्रभारी दिव्याकांत पांडे को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में उनकी लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।
