Guru Balakdas : बलिदानी राजा गुरु बालक दास पर बनी फिल्म छत्तीसगढ़ में टेक्स फ्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा अब सिर्फ प्रेम और हास्य फिल्मों तक सीमित नहीं रह गया है। फिल्म निर्माताओं ने अब ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर भी ध्यान देना शुरू किया है। इसी कड़ी में सतनामी फिल्म प्रोडक्शन रायपुर ने राज्य की पहली ऐतिहासिक फिल्म ‘बलिदानी राजा गुरु बालकदास’ का निर्माण किया है। इस फिल्म को दर्शकों से खूब सराहना मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने किया टैक्स फ्री घोषित

बीते दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के अंबुजा मॉल स्थित सिनेमाघर में इस फिल्म को देखने पहुंचे। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी सराहना करते हुए घोषणा की कि ‘बलिदानी राजा गुरु बालकदास’ को पूरे छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किया जाएगा। उनका कहना था कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस फिल्म को देखें और अपने इतिहास और विरासत से जुड़ें।

गुरु बालकदास के शौर्य और बलिदान पर आधारित

यह फिल्म गुरु घासीदास के द्वितीय सुपुत्र और महान प्रतापी राजा वीर बलिदानी गुरु बालकदास के जीवन दर्शन और शौर्य पर आधारित है। फिल्म में गुरुजी के बचपन से लेकर उनके बलिदान तक की गाथा को विस्तार से दर्शाया गया है।
इसके अलावा फिल्म में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और गुरु बालकदास की मित्रता को भी दिखाया गया है। दोनों महान विभूतियों ने मिलकर छत्तीसगढ़ के सर्वसमाज को उनके हक, अधिकार और स्वाभिमान के लिए प्रेरित किया था।

तीन साल में बनी ऐतिहासिक फिल्म

फिल्म के निर्देशक अमीर पति और संवाद लेखक किस कुर्रे हैं। इस फिल्म का निर्माण लगभग तीन वर्षों में पूरा हुआ। शूटिंग भंडारपुरी, नया रायपुर, न्यू राजेंद्र नगर, अमलेश्वर, ओडिशा और हैदराबाद में की गई है।

फिल्म के गीत और कलाकार

फिल्म में टाइटल सॉन्ग सहित कुल चार गाने हैं। गीतकार धन्नु पवन महानंद हैं, जबकि इन्हें गायक अनुराग शर्मा, सुनील सोनी, कंचन जोशी और डॉ. देवेश डहरिया ने अपनी आवाज दी है।
कलाकारों की बात करें तो फिल्म में ओम त्रिपाठी ने गुरु बालकदास की, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गुरु आगरदास की, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने शहीद वीर नारायण सिंह की और पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने पंडित सूत्रधार की भूमिका निभाई है।

 

Youthwings