Chhattisgarh Morning News: ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा आज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज शाम 5 बजे छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा होगी। इस बैठक में सभी कार्यकारिणी सदस्य, राज्य खेल संघों के पदाधिकारी और जिला ओलंपिक संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। खेलों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
टाइगर रिजर्व और अभ्यारण्यों के अफसरों की अहम बैठक
प्रधान मुख्य वन संरक्षक व मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक अरुण पांडेय आज नवा रायपुर के अरण्य भवन में प्रदेश के सभी राष्ट्रीय उद्यानों, टाइगर रिजर्व और अभ्यारण्यों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। इसमें वन्यजीव संरक्षण और मध्यप्रदेश से बाघ-बाघिन लाने की तैयारी पर विशेष चर्चा होगी।
डिप्टी CM अरुण साव का मुंगेली प्रवास
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज मुंगेली जिले का दौरा करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे लोरमी अस्पताल में स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद स्थानीय आयोजनों में भाग लेने के बाद वे बिलासपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।
पदोन्नति व्याख्याता के लिए ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग 28 सितंबर तक
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने 1227 प्रधान पाठक एवं शिक्षक संवर्ग (बी.एड. प्रशिक्षित स्नातकोत्तर) एल.बी. को व्याख्याता/व्याख्याता (एल.बी.) टी. संवर्ग के पद पर पदोन्नति के लिए ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग की घोषणा की है। यह काउंसलिंग 25 से 28 सितंबर 2025 तक रायपुर के शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में होगी।
गोदड़ीवाले बाबा का 34वां वर्सी महोत्सव शुरू
रायपुर के देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम में संत बाबा हरदास राम साहेब का तीन दिवसीय 34वां वर्सी महोत्सव आज से प्रारंभ हो गया है। पहले दिन सुबह 10 बजे हवन, 11 बजे झंडा वंदन और रात 8 बजे से श्री अखंड पाठ साहेब होगा। तीनों दिन शाम 5 बजे से रात 1 बजे तक सत्संग और भजन कार्यक्रम होंगे। 27 सितंबर को शोभा यात्रा और 28 सितंबर को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा। देश के विभिन्न राज्यों से भक्तों का आगमन जारी है।
क्रिकेट: विदर्भ से हारी छत्तीसगढ़ की टीम
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए छत्तीसगढ़ कप आमंत्रण टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे मैच में छत्तीसगढ़ टीम विदर्भ से 9 विकेट से हार गई। छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 139 रन बनाए, जिसमें नेहा बडवाइक ने 54 रन की पारी खेली। विदर्भ ने 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। कोमल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दूसरे मैच में तमिलनाडु ने बंगाल को 15 ओवर के मैच में पराजित किया।