मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर से डोंगरगढ़ तक निःशुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ

रायपुर से डोंगरगढ़ नि:शुल्क बस सेवा शुरू

रायपुर से डोंगरगढ़ नि:शुल्क बस सेवा शुरू

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के आकाशवाणी चौक स्थित माँ काली मंदिर से डोंगरगढ़ तक निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ किया। इस सेवा के तहत रायपुर से माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कालीमाता सेवा समिति की इस सशक्त पहल की प्रशंसा करते हुए समिति के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और माँ काली व माँ बम्लेश्वरी से छत्तीसगढ़ में खुशहाली, समृद्धि एवं शांति की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की हार्दिक बधाई भी प्रेषित की।

नवरात्र के नौ दिनों तक चार बसों से श्रद्धालुओं को सेवा

माँ काली सेवा समिति द्वारा संचालित यह निःशुल्क बस सेवा पूरे नवरात्र पर्व के दौरान लगातार नौ दिनों तक चलेगी। सेवा के तहत प्रतिदिन चार बसें रायपुर से श्रद्धालुओं को डोंगरगढ़ तक ले जाएंगी और दर्शन के बाद वापस रायपुर लाएंगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चार बसों में लगभग दो सौ महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के प्रथम जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सेवा समिति की दस वर्षों से चल रही निस्वार्थ सेवा की सराहना

हरी झंडी दिखाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कालीमाता सेवा समिति पिछले दस वर्षों से नवरात्र के दौरान निस्वार्थ भाव से इस सेवा को जारी रखे हुए है। यह बस सेवा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और समर्पण का भी जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर देवी मंदिरों में दर्शन की लालसा हर सनातनी के मन में होती है, लेकिन कई बार दूरस्थ मंदिरों तक पहुंचना कठिन होता है। ऐसी परिस्थिति में यह बस सेवा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है।

नए परिवहन विकल्प से बढ़ेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि हाल ही में राजिम से रायपुर तक मेमू ट्रेन का शुभारंभ भी किया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ की कुंभनगरी राजिम के श्रद्धालुओं को माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने कालीमाता सेवा समिति से जुड़े श्रीचंद सुंदरानी, दीपक भारद्वाज और अन्य पदाधिकारियों को इस पहल के लिए धन्यवाद और बधाई दी।

अन्य नेताओं ने भी की भागीदारी और सुझाव

कार्यक्रम में गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी समिति से आग्रह किया कि वे कवर्धा से डोंगरगढ़ तक एक अतिरिक्त बस सेवा चलाएं। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Youthwings