छत्तीसगढ़ में हापा एक्सप्रेस हादसा: SSE और मेट निलंबित, अधिकारियों पर भी हो सकती है कार्रवाई!
रायपुर। पोरबंदर-शालीमार हापा एक्सप्रेस (12905) के रेलडाली से टकराने की घटना पर रेलवे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) प्रदीप मिंज और मेट संतराम को निलंबित कर दिया है। रेल प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। जांच पूरी होने के बाद और भी कर्मचारी व अधिकारी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।
हादसे का विवरण
यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे हुई। पोरबंदर-शालीमार हापा एक्सप्रेस डाउन लाइन से होते हुए हावड़ा की ओर जा रही थी। जयरामनगर और लटिया के बीच किलोमीटर 698/20ए-698/18ए पर ट्रेन चालक ने देखा कि इंजीनियरिंग विभाग के कुछ कर्मचारी रेलडाली से काम कर रहे हैं। चालक ने उन्हें हटने के लिए कई बार सीटी बजाई, लेकिन न तो कर्मचारी हटे और न ही रेलडाली। आपात ब्रेक लगाने के बावजूद ट्रेन रेलडाली से टकराकर ही रुक पाई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
लापरवाही पर त्वरित एक्शन
रेलवे ने इस घटना को बेहद गंभीर माना है क्योंकि यह हजारों यात्रियों की जान से जुड़ा मामला था। ट्रेन चालक की रिपोर्ट के बाद अकलतरा में चार सदस्यीय जांच समिति बनाई गई। प्राथमिक जांच में पता चला कि घटना मेट संतराम की लापरवाही से हुई। साथ ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर प्रदीप मिंज भी जिम्मेदार पाए गए, क्योंकि संतराम उनके निर्देश पर काम कर रहे थे। हादसे से कुछ घंटे पहले मिंज ने स्थल पर निरीक्षण के बाद पास के दूसरे कार्य की ओर रुख किया था।
