मुख्यमंत्री को नेता प्रतिपक्ष ने लिखा पत्र: अतिथि व्याख्याता पदों पर छत्तीसगढ़ियों को प्राथमिकता देने की मांग

मुख्यमंत्री को नेता प्रतिपक्ष ने लिखा पत्र

मुख्यमंत्री को नेता प्रतिपक्ष ने लिखा पत्र

रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने एक पत्र लिखकर उच्च शिक्षा विभाग की अतिथि व्याख्याता नीति-2024 में बदलाव की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान नीति छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के हितों की अनदेखी करती है और बाहरी राज्यों के लोगों को अवसर देती है।

नीति में छत्तीसगढ़ियों के लिए कोई आरक्षण नहीं

डॉ. महंत ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि 20 जून 2024 से लागू हुई “अतिथि व्याख्याता नीति-2024” में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जिससे यह सुनिश्चित हो कि नियुक्ति के लिए उम्मीदवार छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो। उन्होंने कहा कि यह स्थिति स्थानीय शिक्षित बेरोजगारों के साथ अन्याय है और इसे तुरंत सुधारा जाना चाहिए।

सरगुजा संभाग में नियुक्तियों से उठा सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने हाल ही में सरगुजा संभाग के महाविद्यालयों में हुई नियुक्तियों का उदाहरण देते हुए बताया कि 34 अतिथि व्याख्याता पदों में से 15 पद बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को दिए गए, जबकि सिर्फ 19 पद छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को मिले। यह दर्शाता है कि नीति में छत्तीसगढ़ियों के हितों की उपेक्षा की गई है।

मध्य प्रदेश की तर्ज पर स्थानीय आरक्षण लागू करने की मांग

डॉ. महंत ने कहा कि मध्य प्रदेश में अतिथि विद्वानों के लिए मूल निवासी होना अनिवार्य है, और छत्तीसगढ़ में भी ऐसा ही प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि नीति में तत्काल संशोधन किया जाए ताकि छत्तीसगढ़ के ही युवा इन पदों के लिए पात्र माने जाएं।

डॉ. महंत ने क्या कहा देखिए वीडियो : 

Youthwings