स्कूलों में DEO का औचक निरीक्षण: प्रिंसिपल सहित एक दर्जन शिक्षक सस्पेंड, क्लास से थे नदारद
DEO का औचक निरीक्षण
बलौदाबाजार। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने शनिवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजेंद्र टंडन के साथ विभिन्न शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक, प्राचार्य और लिपिक अनुपस्थित पाए गए, जबकि उपस्थित कर्मचारी भी कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही करते मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए डीईओ ने 2 प्राचार्य, 7 व्याख्याता और 3 लिपिकों सहित कुल 12 कर्मियों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
खटियापाटी स्कूल में शिक्षक कार्यालय में, छात्र बाहर घूमते मिले
निरीक्षण की शुरुआत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खटियापाटी से की गई, जहां सुबह 9 बजे तक केवल 4 व्याख्याता उपस्थित थे। वहीं 3 व्याख्याता और 1 सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों में एलबी शकुंतला ध्रुव, रविकुमार साहू, गजेन्द्र प्रसाद ध्रुव और सहायक ग्रेड-2 मनीषा विश्वास शामिल हैं।
इस दौरान जब कक्षाएं चलनी चाहिए थीं, तब छात्र-छात्राएं बाहर घूमते पाए गए और शिक्षक कार्यालय में बैठे मिले। इस पर प्राचार्य हेमराम ध्रुव, व्याख्याता भुनेश्वर प्रसाद पटेल, छत्रपाल सिंह वर्मा, दामिनी बेहरा और विजयलक्ष्मी पटेल को नोटिस जारी किया गया है।
सुढ़ेला हाईस्कूल में प्राचार्य 6 दिन से गायब
निरीक्षण के अगले चरण में शासकीय हाईस्कूल सुढ़ेला का दौरा किया गया, जहां प्रभारी प्राचार्य संतरू सिंह पैकरा बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार 6 दिन से अनुपस्थित पाए गए। रिकॉर्ड के अनुसार, उन्होंने इस माह सिर्फ 3 दिन ही स्कूल में उपस्थिति दर्ज की है, बाकी दिनों में अवकाश या अन्य कार्य का हवाला देकर अनुपस्थित रहे।
इसके साथ ही सहायक ग्रेड-2 रजनी शर्मा और सहायक ग्रेड-3 दुर्गा देवी ध्रुव भी पिछले दो दिनों से स्कूल नहीं आ रही थीं। इन सभी पर जल्द अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
मध्यान्ह भोजन और स्वच्छता का भी किया निरीक्षण
शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शाला सुढ़ेला में मध्यान्ह भोजन कक्ष, भोजन की गुणवत्ता और रसोई की सफाई की भी जांच की गई। रसोई कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
