महाराष्ट्र नंबर की दो स्कॉर्पियो से 6 करोड़ 60 लाख नकद बरामद, चार संदिग्ध हिरासत में
कुम्हारी थाना पुलिस ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्कॉर्पियो वाहनों से कुल 6 करोड़ 60 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद रकम को आयकर विभाग की टीम को सौंप दिया गया है, जो आगे जांच करेगी।
मुखबिर की सूचना पर छापा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर कुम्हारी पुलिस ने कार्रवाई की। लगातार संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस अलर्ट थी। मुखबिर ने जानकारी दी थी कि महाराष्ट्र पासिंग दो स्कॉर्पियो में बड़ी मात्रा में नकदी छत्तीसगढ़ लाई जा रही है। इसके बाद कुम्हारी टोल प्लाजा के पास दोनों गाड़ियों को रोका गया। तलाशी लेने पर बैग और डिब्बों में करोड़ों रुपये नकद मिले।
अब तक की सबसे बड़ी नकदी बरामदगी
स्थानीय स्तर पर इतनी बड़ी नकदी जब्त होना अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त टीम इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में पूछताछ के बाद बड़ा खुलासा हो सकता है।
संदिग्धों से पूछताछ जारी
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए चारों संदिग्ध नकदी के स्रोत और मकसद के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए हैं। फिलहाल उन्हें थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। रकम कहां से आई और किसके लिए ले जाई जा रही थी, इसका पता लगाने की कोशिश जारी है।
हवाला या अवैध लेन-देन का शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस और आयकर विभाग को शक है कि यह रकम हवाला कारोबार या किसी बड़े अवैध लेन-देन से जुड़ी हो सकती है। चुनावी मौसम को देखते हुए पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसका संबंध राजनीतिक लेन-देन से तो नहीं है।
