नवा रायपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत, डिवाइडर से टकराई बाइक, इलाज के दौरान तोड़ा दम
Nava Raipur। नवा रायपुर के सीबीडी स्टेशन के सामने बीती रात सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसके बाद वह सड़क पर गंभीर हालत में गिर पड़ा।
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने घायल युवक की मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। करीब 40 मिनट बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को Rakhi Civil Hospital में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अक्षय धकाते के रूप में हुई है, जो Nagpur का रहने वाला था। वह नवा रायपुर के सेक्टर-30 में रहता था और Union Bank of India में कार्यरत था। 11 मार्च की रात करीब 12 बजे वह घर लौट रहा था, तभी सीबीडी स्टेशन के सामने उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर घायल पड़ा रहा। मौके से गुजर रहे एक युवक ने उसे देखा और तुरंत पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
वहीं इस घटना के बाद Rakhi में संचालित 100 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी बताई जा रही है। यहां रोजाना 150 से 200 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल फिलहाल सिर्फ दो डॉक्टरों और सीमित स्टाफ के भरोसे संचालित हो रहा है।
अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय, फार्मासिस्ट और तकनीकी कर्मचारियों के कई पद खाली हैं। दवाइयों की आपूर्ति भी नियमित नहीं होने से मरीजों को कई बार बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का कहना है कि यदि समय पर बेहतर इलाज मिल जाता या उसे किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
