जादू-टोने के शक में महिला की क्रूर हत्या, पांच आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोनपुर थाना क्षेत्र के इरपानार गांव में जादू-टोने के शक में एक महिला की क्रूर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
30 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे अपने साथियों के साथ मृतका के घर में घुस गया। आरोप है कि जादू-टोना और अंधविश्वास के नाम पर महिला पर लाठी-डंडों से हमला किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच में महिला की मौत गंभीर चोटों से हुई पाई गई।
पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
पंडी राम वड्डे (मुख्य आरोपी)
सुक्कु वड्डे उर्फ मंगतु
संतु ध्रुवा उर्फ बोडसे
नरसिंह वड्डे
राजेश वड्डे उर्फ बांडा
पूछताछ में सभी आरोपियों ने हत्या की बात कबूल ली। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की। पांचों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नारायणपुर पुलिस ने बताया कि यह मामला अंधविश्वास और जादू-टोने की जड़ से जुड़ा है। आरोपी ग्रामीणों के बीच फैली अफवाहों के आधार पर महिला को ‘डायन’ मानकर हमला कर बैठे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच पूरी की।
