बेटी को कॉल कर बताया ‘मैंने अपने पति की कर दी हत्या…’ लाश को सूटकेस में छिपाया, महिला गिरफ्तार
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने पति की हत्या करने के बाद उसके शव को सूटकेस में बंद कर दिया और ट्रेन से फरार हो गई। पुलिस ने बुधवार को आरोपी महिला को महाराष्ट्र के मनमाड़ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 7 नवंबर का है, जब पति संतोष भगत (43 वर्ष) और उनकी पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोपी महिला ने अपनी मंझली बेटी को फोन लगाया। बेटी ने फोन पर झगड़े की आवाज़ें सुनीं, लेकिन बाद में फोन कट गया। अगले दिन महिला ने फिर फोन कर बेटी को बताया कि उसने अपने पति को मार डाला है और शव को कंबल में लपेटकर सूटकेस में रख दिया है।
बेटी ने 9 नवंबर को गांव पहुंचकर अपने बड़े पापा विनोद मिंज को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने घर पहुंचकर एक लाल रंग के ट्रॉली सूटकेस में मृतक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जशपुर पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के मनमाड़ भागने की सूचना मिलने पर रायपुर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल उसे जशपुर लाया जा रहा है, जहां पूछताछ के बाद हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
