छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, कई इलाकों में बादल और हल्की बारिश के आसार
रायपुर। अगर आप रविवार को कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। तेज धूप और गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण आने वाले दिनों में तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
शनिवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में रविवार को मौसम का मिजाज घूमने के लिए अनुकूल रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक छत्तीसगढ़ होते हुए करीब 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना अधिक बताई जा रही है, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
