Weather change: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, आंधी-तूफान और बारिश से गर्मी से राहत
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। दिनभर तेज धूप के बाद शाम होते ही अचानक मौसम बदला और कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बिलासपुर और बस्तर क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। बिलासपुर के कई इलाकों में तेज आंधी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं रायपुर में भी बादल छाए रहे और मौसम सुहावना हो गया।

बस्तर जिले के जगदलपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगभग एक घंटे तक तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले ही बस्तर के साथ बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई थी।
तेज हवाओं का असर जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग पर भी देखा गया, जहां कई जगह पेड़ गिर गए। इससे रास्ते पर आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।

