रायपुर में बढ़ा वायरल फीवर का खतरा, अस्पतालों में मरीजों की संख्या 40% तक बढ़ी
रायपुर। राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों वायरल फीवर (Viral Fever) तेजी से फैल रहा है। मौसम में बदलाव और बारिश के बाद बढ़ी नमी के चलते संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। सरकारी और निजी अस्पतालों में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में मरीजों की संख्या में 30 से 40 प्रतिशत तक इजाफा दर्ज किया गया है।
डॉ. अंबेडकर अस्पताल, जिला अस्पताल, हमर अस्पताल और हमर क्लीनिक में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। जहां सामान्य दिनों में अंबेडकर अस्पताल में करीब 300 मरीज आते थे, वहीं पिछले एक हफ्ते में यह संख्या 400 से 500 तक पहुंच गई है। जिला अस्पताल में भी औसतन 100 से 150 मरीजों की बजाय अब 200 से ज्यादा मरीज रोजाना वायरल से जुड़ी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं।
डॉक्टरों की चेतावनी
विशेषज्ञों ने कहा है कि शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। लापरवाही बरतने पर मरीज डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।
बचाव के उपाय
- पानी उबालकर पिएं और हाथों को बार-बार धोएं
- भीगने से बचें और संतुलित आहार लें
- बासी और खुले में रखे भोजन से परहेज करें
- भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का उपयोग करें
कब लें डॉक्टर की सलाह
यदि लगातार तेज बुखार, शरीर या आंखों में दर्द, सांस लेने में परेशानी, त्वचा पर लाल दाने, उल्टी या दस्त जैसे लक्षण नजर आएं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
