मणिपुर में नई सरकार बनते ही फिर भड़की हिंसा.. कुकी समुदाय ने किया बंद का आह्वान

चुराचांदपुर (मणिपुर)। मणिपुर में नई सरकार बनने के तुरंत बाद चुराचांदपुर जिले में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। नए उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन के शपथ ग्रहण के विरोध में नेमचा किपगेन और लोसी दिखो के समर्थकों के बीच गुरुवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ। तुइबोंग मेन मार्केट इलाके में शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन काफी उग्र हो गया, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

कैसे हुई हिंसा

 

प्रदर्शनकारियों ने सिक्योरिटी फोर्स को उनके बैरक में वापस धकेलने की कोशिश की। जब फोर्स ने बात मानने से इनकार किया, तो पत्थरबाजी शुरू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच में टायर जला दिए। गुस्सा तब और बढ़ गया जब लोगों को पता चला कि कुकी जोमी समुदाय के तीन विधायक मणिपुर सरकार में शामिल हो रहे हैं। इनमें नेमचा किपगेन (डिप्टी सीएम), एलएम खाउते और नगुरसंगलुर शामिल हैं।

 

कुकी समुदाय की चेतावनी

कुकी समुदाय ने अपने विधायकों को सरकार में शामिल न होने की पहले ही चेतावनी दी थी। इस फैसले के बाद कुकी समुदाय में भारी रोष है। संगठन ने कहा कि विधायकों ने समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। चुराचांदपुर में आदिवासी संगठन ‘ज्वाइंट फोरम ऑफ सेवन’ ने शुक्रवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक पूर्ण बंद का आह्वान किया है। संगठन ने सभी लोगों से बंद में शामिल होने की अपील की है और चेतावनी दी है कि कोई भी विधायक बंद में शामिल नहीं होगा तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।

 

सुरक्षा बलों की कार्रवाई

हालात बिगड़ते देख असम राइफल्स के जवानों को तैनात किया गया। शुरुआती कोशिशों में भीड़ को संभालने में नाकामी के बाद सिक्योरिटी फोर्स कुछ समय के लिए पीछे हटी, लेकिन अपनी स्थिति में बनी रही। बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

 

नई सरकार का गठन

इससे पहले एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के करीब एक साल बाद युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कुकी समुदाय से संबंध रखने वाले भाजपा विधायक नेमचा किपगेन और नगा पीपुल्स फ्रंट के विधायक एल दिखो ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। कुकी समुदाय का आरोप है कि इंफाल में दिन-दहाड़े सैकड़ों लोगों को मार डाला गया, चर्चों को आग लगाई गई और उनकी लाखों की संपत्ति राख कर दी गई।

 

फिलहाल चुराचांदपुर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। भारी पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं। प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Youthwings