रायपुर जेल में वीडियो कॉल और शूटिंग मामला: DG ने सहायक जेल अधीक्षक को किया निलंबित

रायपुर सेंट्रल जेल से जुड़े एक गंभीर मामले में हिस्ट्रीशीटर बदमाश राजा बैझड़ उर्फ रशीद खान के जेल के अंदर से वीडियो कॉल और फोटो-वीडियो शूट करने का मामला सामने आया है। इस घटना को जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। उन्होंने सहायक जेल अधीक्षक संदीप कुमार कश्यप को निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

जेल महानिदेशक ने आदेश में कहा है कि निलंबन अवधि के दौरान संदीप कुमार कश्यप को मुख्यालय से अटैच रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि राजा बैझड़ ने 13 से 15 अक्टूबर के बीच जेल के अंदर से अपने परिजनों से वीडियो कॉल कर बातचीत की थी और फोटो व वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर वायरल किए थे।

लापरवाही और अनुशासनहीनता पर कार्रवाई

जारी आदेश के अनुसार, संदीप कुमार कश्यप को 19 जुलाई 2025 को अपर अष्टकोण अधिकारी का कार्य सौंपा गया था। उन पर कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते निलंबन की कार्रवाई की गई है।

जेल से वायरल हुआ बदमाश का वीडियो

रायपुर सेंट्रल जेल के बैरक नंबर 15 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें हिस्ट्रीशीटर बदमाश राजा बैझड़ उर्फ रशीद खान, जो हत्या और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में आरोपी है, अपने साथियों के साथ सेल्फी लेते और एक्सरसाइज करते नजर आ रहा है। बताया गया है कि ये वीडियो 13 से 15 अक्टूबर के बीच जेल के अंदर शूट किया गया था।

जेल के भीतर बढ़ती मनमानी पर सवाल

यह पहली बार नहीं है जब रायपुर सेंट्रल जेल विवादों में आई हो। जेल के अंदर मोबाइल फोन, नशे के पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं मिलने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ जेल कर्मियों की मिलीभगत से बंदियों को मनचाही वस्तुएं मिल जाती हैं। इसके बदले में बंदी कमीशन के रूप में पैसे देते हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों ने मांगा जवाब

घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। जेल प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

पहले भी वायरल हुआ था गैंगस्टर अमन साव का फोटोशूट

यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले तेलीबांधा पीआरए ग्रुप शूटआउट केस के आरोपी गैंगस्टर अमन साव की भी रायपुर सेंट्रल जेल से फोटोशूट वायरल हुआ था। झारखंड पुलिस के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद, उसके साथियों ने जेल में खिंचवाए गए फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उसे ‘हीरो’ की तरह प्रचारित किया था।

Youthwings