Vehicle Price: जीएसटी सुधार से दिवाली पर सस्ती होंगी कारें और टू-व्हीलर्स, सरकार कर सकती है टैक्स रेट घटाने का ऐलान
Vehicle Price
Vehicle Price: आम जनता के लिए जल्द ही बड़ी खुशखबरी आ सकती है। केंद्र सरकार इस साल अक्टूबर तक गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) में बड़ा सुधार करने की तैयारी में है। टैक्स रेट घटाने और जीएसटी संरचना को आसान बनाने का मकसद घरेलू मांग को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के भाषण में इसका संकेत दिया था। अगर ये बदलाव लागू हो जाते हैं तो दिवाली तक पैसेंजर कारें और दोपहिया वाहन सस्ते हो सकते हैं।
टैक्स स्लैब होंगे आसान
वर्तमान में ज्यादातर वस्तुओं और सेवाओं पर 5%, 12%, 18% और 28% की दर से जीएसटी वसूला जाता है। लेकिन नए सुधारों के बाद इसे घटाकर सिर्फ दो स्लैब – 5% (मेरिट) और 18% (स्टैंडर्ड) रखने का प्रस्ताव है। फिलहाल कारों और टू-व्हीलर्स पर 28% टैक्स लगता है, जिसे कम करके 18% किया जा सकता है। इससे उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और गाड़ी खरीदते समय लगभग 5 से 10 प्रतिशत तक की बचत संभव होगी।
मिडल-क्लास खरीदारों को सीधा फायदा
नए जीएसटी रेट लागू होने पर सबसे ज्यादा लाभ मिडल-क्लास ग्राहकों को मिलेगा। खासकर एंट्री-लेवल दोपहिया वाहन और 10 लाख रुपये तक की छोटी कारें खरीदने वाले उपभोक्ताओं को। इससे न केवल गाड़ियों की कीमतें घटेंगी बल्कि ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स भी सस्ते होंगे। उत्पादन लागत कम होने से कंपनियों को भी फायदा मिलेगा और स्पेयर पार्ट्स की कीमत घटने से लोगों के लिए गाड़ी चलाने का खर्च भी कम होगा। लंबे समय से दोपहिया कंपनियां टैक्स कटौती की मांग कर रही थीं, जिसे अब राहत मिल सकती है।
ईवी और लग्जरी कारों पर असर
जानकारी के मुताबिक इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) पर टैक्स स्लैब पहले जैसा ही यानी 5% रहेगा। वहीं लग्जरी कारों पर मौजूदा टैक्स स्ट्रक्चर जारी रहने की संभावना है। हालांकि पैसेंजर व्हीकल्स पर कंपनसेशन सेस जारी रहेगा। दूसरी ओर, लग्जरी व हानिकारक प्रोडक्ट्स जैसे तंबाकू पर 40% टैक्स लगाने का सुझाव दिया गया है।
अर्थव्यवस्था और व्यापार को बढ़ावा
सरकार का यह कदम सिर्फ ऑटो सेक्टर तक सीमित नहीं है। जीएसटी सुधार का उद्देश्य व्यापार को आसान बनाना और अर्थव्यवस्था में नई जान फूंकना है। टैक्स रेट घटने से न केवल गाड़ियां बल्कि घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स भी सस्ते हो जाएंगे। इससे घरेलू खपत में तेजी आएगी और MSME सेक्टर को भी मजबूती मिलेगी।
दिवाली तक लागू हो सकते हैं नए नियम
वित्त मंत्रालय ने संकेत दिया है कि जीएसटी काउंसिल जल्द ही ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) की सिफारिशों पर चर्चा कर सकती है। सरकार का लक्ष्य है कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में ही इसका लाभ जनता तक पहुंचे। उम्मीद जताई जा रही है कि दिवाली तक नए टैक्स रेट लागू हो जाएंगे और लोग नई कीमतों पर कारें व अन्य सामान खरीद पाएंगे।
