Vasant Kunj SRISIIM Case: स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती की लोकेशन ट्रेस, लुकआउट नोटिस जारी

दिल्ली के वसंतकुंज स्थित श्री शारदा इंस्टिट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट एंड रिसर्च (SRISIIM) में पढ़ने वाली 17 छात्राओं के यौन शोषण के मामले में आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती की अंतिम लोकेशन मुंबई में ट्रेस हुई है। पुलिस की कई टीमें उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपी के देश से भागने से रोकने के लिए लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है।

क्या हैं आरोप?
एफआईआर में छात्राओं ने बताया कि स्वामी चैतन्यानंद उन्हें देर रात अपने कमरे में बुलाता था और आपत्तिजनक सवाल पूछता था, जैसे- “क्या तुम अपने बॉयफ्रेंड के साथ सोई हो?” या “क्या तुमने कंडोम इस्तेमाल किया?”। इसके अलावा, वह रात के समय व्हाट्सएप पर “बेबी, आई लव यू” और “आज तुम बहुत सुंदर लग रही हो” जैसे संदेश भेजता था। छात्राओं के इनकार करने पर वह फैकल्टी सदस्यों को बीच में डालकर दबाव डालता और धमकी देता कि अगर जवाब नहीं दिया तो अटेंडेंस काट दी जाएगी या परीक्षा में नंबर घटा दिए जाएंगे।

‘इंडस्ट्रियल विजिट’ के नाम पर शोषण
मार्च 2025 में स्वामी चैतन्यानंद ने 35 छात्राओं को बीएमडब्ल्यू कार में ऋषिकेश ले गया। यह विजिट “इंडस्ट्रियल टूर” के नाम पर कराई गई, लेकिन असलियत में छात्राओं को देर रात उसके कमरे में बुलाया जाता था। छात्राओं ने बताया कि यह मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक प्रताड़ना का दौर था।

लग्जरी गाड़ियां और संपत्ति का खेल
जांच में पता चला कि चैतन्यानंद ने धार्मिक ट्रस्ट की संपत्तियों को निजी कंपनियों को किराए पर देकर मोटी कमाई की और उसी पैसे से वोल्वो और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी गाड़ियां खरीदीं। वोल्वो पर फर्जी डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट ‘39 UN 1’ लगी मिली। मार्च में खरीदी गई बीएमडब्ल्यू से उसने छात्राओं से पूजा करवाई और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि स्वामी चैतन्यानंद ने संस्थान के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) से छेड़छाड़ कर सीसीटीवी फुटेज मिटाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस को उम्मीद है कि उसकी बीएमडब्ल्यू की डैशकैम फुटेज से महत्वपूर्ण सबूत हाथ लग सकते हैं।

संस्थान का बयान
SRISIIM ने चार पन्नों का प्रेस स्टेटमेंट जारी कर कहा कि जैसे ही आरोपों की जानकारी मिली, छात्राओं की सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाए गए। संस्थान ने बताया कि 19 जुलाई 2025 को 300 से अधिक पन्नों के दस्तावेजों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी और 23 जुलाई को मामला एफआईआर में बदल गया।

Youthwings