US Airstrikes on ISIS in Nigeria: ईसाइयों की हत्याओं के जवाब में अमेरिका का बड़ा हमला, नाइजीरिया में ISIS ठिकानों पर किया एयरस्ट्राइक
US Airstrikes on ISIS in Nigeria: अमेरिका ने नाइजीरिया में आतंकी संगठन ISIS के ठिकानों पर बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए व्यापक हवाई हमले किए हैं। ये एयरस्ट्राइक नॉर्थ-वेस्ट नाइजीरिया में की गई, जो पूरी रात चली। अमेरिकी सेना ने इस ऑपरेशन का वीडियो फुटेज भी सार्वजनिक किया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर साझा की। उन्होंने बताया कि यह हमला ISIS आतंकियों द्वारा ईसाइयों की कथित हत्याओं के जवाब में किया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में कहा,
“कमांडर-इन-चीफ के रूप में मेरे निर्देश पर अमेरिका ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में ISIS आतंकवादी गुटों के खिलाफ घातक और सटीक हमले किए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि ये आतंकी लंबे समय से निर्दोष ईसाइयों को निशाना बना रहे थे। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि नरसंहार नहीं रुका तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा विभाग द्वारा किए गए ये सटीक हमले अमेरिका की सैन्य ताकत को दर्शाते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद को पनपने नहीं देगा।
डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एयरस्ट्राइक का वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन “Peace Through Strength” यानी “शक्ति के बल पर शांति” का उदाहरण है।
बताया जा रहा है कि यह नाइजीरिया में अमेरिका की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई है। यह अभियान हाल ही में सीरिया में अमेरिकी और सहयोगी बलों पर हुए एक हमले के बाद किया गया है।
