UPTET 2026 Result: 62 हजार शिक्षकों की नौकरी पर संकट? परीक्षा में हुए फेल, जानें किस स्तर पर कितने पास
UPTET 2026 Result: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपीटीईटी 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों के परिणाम का इंतजार अब खत्म हो गया है। इस बार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। वहीं, पहले से सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के रिजल्ट ने चिंता बढ़ा दी है। नौकरी बचाने के लिए परीक्षा देने वाले 2,68,799 कार्यरत शिक्षकों में से 62,028 शिक्षक परीक्षा पास नहीं कर पाए।
UPTET 2026 में इतने अभ्यर्थी हुए सफल
UPTET 2026 में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तरों पर बड़ी संख्या में उम्मीदवार सफल हुए हैं। प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें 5,71,435 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। प्राथमिक स्तर पर सफलता का प्रतिशत 80.07 फीसदी रहा। उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 की परीक्षा में 10,57,021 उम्मीदवार शामिल हुए। इनमें 7,59,513 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की। इस स्तर पर पास प्रतिशत 71.85 फीसदी रहा।
कार्यरत शिक्षकों के रिजल्ट ने बढ़ाई चिंता
UPTET 2026 में नौकरी कर रहे शिक्षकों के लिए परीक्षा काफी अहम थी। प्राथमिक स्तर पर 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 93,387 शिक्षक सफल हुए, जबकि सफलता दर 76.29 फीसदी रही। इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षक परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1,13,384 शिक्षक पास हुए और सफलता प्रतिशत 77.45 फीसदी रहा। इस तरह प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर को मिलाकर कुल 2,68,799 कार्यरत शिक्षकों ने UPTET 2026 दिया था। इनमें 2,06,771 शिक्षक सफल हुए, जबकि 62,028 शिक्षक असफल रहे।
फेल शिक्षकों को मिलेगा दोबारा परीक्षा का मौका?
UPTET 2026 में असफल हुए कार्यरत शिक्षकों के लिए राहत की संभावना है। सरकार ऐसे शिक्षकों के लिए विशेष TET परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही संशोधित CTET परीक्षा में भी इन शिक्षकों को शामिल होने का अवसर दिए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि विशेष टीईटी परीक्षा का नोटिफिकेशन सितंबर 2026 में जारी किया जा सकता है। CTET में सफलता हासिल करने वाले शिक्षकों की नौकरी पर खतरा नहीं रहेगा।
read more: 30 सितंबर तक सरकार को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो 43 हजार कर्मचारी करेंगे हड़ताल
जुलाई में हुई थी UPTET परीक्षा
UPTET 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में किया गया था। परीक्षा के लिए कुल 955 केंद्र बनाए गए थे। उम्मीदवारों की बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा पांच पालियों में आयोजित की गई। इस बार UPTET के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। अलग-अलग पालियों में परीक्षा आयोजित होने के कारण रिजल्ट तैयार करते समय नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया का इस्तेमाल किया गया।
नॉर्मलाइजेशन से तय हुआ परिणाम
आयोग के अनुसार, पांच पालियों में परीक्षा होने के कारण सभी प्रश्नपत्रों की कठिनाई का स्तर एक जैसा होना जरूरी नहीं था। ऐसे में अलग-अलग पालियों के उम्मीदवारों के प्रदर्शन की निष्पक्ष तुलना के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई गई। इसी प्रक्रिया के आधार पर UPTET 2026 का परिणाम तैयार किया गया है। सफल उम्मीदवार अब आगे की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में पात्रता प्रमाण पत्र से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
