UPSC Prelims 2026 कल : परीक्षा से पहले जान लें रिपोर्टिंग टाइम, ड्रेस कोड और जरूरी नियम

UPSC Prelims 2026

देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा UPSC Prelims 2026 रविवार, 24 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने अभ्यर्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

UPSC प्रारंभिक परीक्षा दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित होगी। पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

रिपोर्टिंग टाइम का रखना होगा ध्यान

सुबह की शिफ्ट के उम्मीदवारों को 9:00 बजे तक और दोपहर की शिफ्ट के परीक्षार्थियों को 2:00 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को एंट्री नहीं मिलेगी।

एडमिट कार्ड और आईडी प्रूफ जरूरी

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों के पास UPSC प्रीलिम्स एडमिट कार्ड और सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र होना जरूरी है। पैन कार्ड, वोटर आईडी या अन्य वैध आईडी साथ लाना अनिवार्य किया गया है।

ड्रेस कोड और जरूरी निर्देश जारी

UPSC ने उम्मीदवारों को सरल और सामान्य कपड़े पहनकर आने की सलाह दी है। पुरुष अभ्यर्थियों को स्लीपर पहनने और महिलाओं को साधारण सैंडल पहनने की सलाह दी गई है। महिला उम्मीदवारों को मेहंदी लगाने से बचने और किसी भी प्रकार का हैंडबैग परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाने को कहा गया है।

इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित

स्मार्टफोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र के भीतर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। आयोग ने साफ किया है कि केंद्रों पर सामान जमा करने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

UPSC अभ्यर्थियों के लिए दिल्ली मेट्रो की विशेष व्यवस्था

परीक्षा के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने विशेष सुविधा देते हुए रविवार को मेट्रो सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू करने का फैसला लिया है। कई प्रमुख लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य समय से पहले संचालित होंगी ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो। परीक्षा से जुड़े सभी नियम, दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

 

Youthwings