UP BJP President Election: पंकज चौधरी बने यूपी बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष, निर्विरोध हुआ चुनाव

UP BJP President Election: महाराजगंज से सातवीं बार लोकसभा सांसद चुने गए पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल ने उन्हें भाजपा उत्तर प्रदेश के 17वें अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्सव जैसा होता है। बूथ, वार्ड और नगर स्तर से शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया के बाद आज पार्टी को नया नेतृत्व मिला है।

भाजपा नेता नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि पंकज चौधरी का कार्यकर्ताओं के प्रति गहरा जुड़ाव और उनकी लोकप्रियता उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को उनसे काफी उम्मीदें हैं।

बीजेपी विधायक दिनेश प्रताप सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि सात बार सांसद रहे अनुभवी नेता को प्रदेश की कमान सौंपना एक सही और दूरदर्शी निर्णय है। उन्होंने इसे भाजपा के लिए सकारात्मक कदम बताया।

भाजपा नेता रजनी तिवारी ने कहा कि पंकज चौधरी के अनुभव और कार्यशैली से संगठन को मजबूती मिलेगी। यह भी संदेश जाएगा कि भाजपा में जमीनी स्तर से काम करने वाला नेता शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।

वहीं, समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने इस चुनाव पर तंज कसते हुए कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है और इससे राजनीतिक परिदृश्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी।

गौरतलब है कि पंकज चौधरी इस पद तक पहुंचने वाले चौथे कुर्मी नेता हैं। उनसे पहले ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार और स्वतंत्रदेव सिंह भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

Youthwings