अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे रायपुर, नक्सलवाद और सुरक्षा पर लेंगे हाईलेवल मीटिंग….

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

रायपुर: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुँचे। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं, जिसे राज्य की सुरक्षा और विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

अपने दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ कई उच्चस्तरीय बैठकों में भाग लेंगे। रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित बैठकों में नक्सलवाद, आंतरिक सुरक्षा और विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। खासतौर पर नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की रणनीति पर मंथन होगा।

8 फरवरी को सुरक्षा समीक्षा और राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में भागीदारी

8 फरवरी को अमित शाह रायपुर में वामपंथी उग्रवाद (LWE) को लेकर आयोजित सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी शामिल होंगे, जहां नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा रणनीति और आगे की कार्ययोजना पर गहन चर्चा होगी। इसी दिन वे ‘छत्तीसगढ़ @ 25 : शिफ्टिंग द लेंस’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।

9 फरवरी को बस्तर दौरा, बस्तर पंडुम-2026 के समापन में होंगे शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री 9 फरवरी को बस्तर दौरे पर जाएंगे। वे बस्तर पंडुम महोत्सव-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम का औपचारिक समापन करेंगे। यह दौरा बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

read more : रायपुर: भनपुरी इलाके की ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दूर तक काले धुएं का गुबार, देखिए वीडियो

जानिए अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

7 फरवरी को शाम 4:40 बजे अमित शाह रायपुर एयरपोर्ट पहुँचे, जहाँ से वे सीधे निजी होटल के लिए रवाना हुए।
8 फरवरी को सुबह 11 बजे से बैठकों का सिलसिला शुरू होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। इस दौरान नक्सलवाद और LWE से जुड़े विषयों पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे से 6:10 बजे तक वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम रायपुर में ही करेंगे।

9 फरवरी को सुबह 11 बजे विशेष विमान से रायपुर से दंतेश्वरी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से सड़क मार्ग से बस्तर पंडुम के आयोजन स्थल पहुँचेंगे। दोपहर 12:05 बजे से शाम 4 बजे तक समापन समारोह में शामिल होने के बाद शाम 4:20 बजे जगदलपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Youthwings