Balod Accident: बालोद में बड़ा हादसा, पानी की टंकी गिरने से दो महिलाओं की मौत, बच्ची गंभीर रूप से घायल
Balod Accident: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम चिखली डेम के पास ईंट भट्ठे में काम करने पहुंची दो महिलाओं की मौत उस समय हो गई, जब ईंट बनाने के लिए तैयार की गई पानी की टंकी की दीवार अचानक गिर पड़ी। हादसे में एक मासूम बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना के तुरंत बाद घायल महिलाओं और बच्ची को संजीवनी हॉस्पिटल दल्लीराजहरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची का प्राथमिक इलाज करने के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक महिलाएं बलौदाबाजार जिले की रहने वाली थीं और परिवार के साथ ईंट भट्ठे में काम करने के लिए आई थीं। घटना के समय महिलाएं पानी की टंकी के नीचे नहाने बैठी थीं, तभी अचानक टंकी की कमजोर दीवार ढह गई और उन पर गिर पड़ी। इस हादसे में चन्द्रकला पति निंद कुमार (45 वर्ष) और आशा बारले पति सूरज बारले (29 वर्ष) की मौत हो गई।
फिलहाल दल्लीराजहरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।
