Naxalites Arrested: छत्तीसगढ़ में दो इनामी नक्सली गिरफ्तार, मुठभेड़ और घेराबंदी के बाद हुई कार्रवाई
Naxalites Arrested
Naxalites Arrested: छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग जिलों में दो इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर कुल 11 लाख रुपए का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बीजापुर जिलों में की गई।
पुलिस ने जानकारी दी कि मोहला-मानपुर के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के खुर्सेकला और कुर्सेखुर्द गांवों के पास जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक ऑपरेशन चलाया। शाम करीब चार बजे जैसे ही सुरक्षाबल खुर्सेखुर्द गांव की ओर बढ़े, नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला, जिसके बाद अधिकतर नक्सली भाग निकले।
इस मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान तेज किया गया और इस दौरान आठ लाख के इनामी नक्सली श्रीकांत पुनेम उर्फ सुकनाम को गिरफ्तार कर लिया गया। वह आंधी-मोहला संयुक्त एरिया कमेटी का सक्रिय कमांडर बताया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने उसके पास से 9 एमएम की एक पिस्तौल, 11,080 रुपए नकद और अन्य सामान बरामद किया है।
दूसरी कार्रवाई बीजापुर जिले के पेद्दापाल और हिरमागुंडा गांवों के बीच के जंगलों में हुई, जहां सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तीन लाख के इनामी जनमिलिशिया कमांडर शंकर कुरसम (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया। शंकर कुरसम पर ग्रामीण की हत्या, पुलिस पर हमले और कई नक्सली वारदातों में शामिल होने का आरोप है। यह कार्रवाई भी गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी।
दोनों गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
