अंधविश्वास की इंतेहा! मृत महिला को जिंदा करने का दावा, 2 बैगा गिरफ्तार… पुलिस अधिकारी समेत 8 आरोपी पहले से ही जेल में

जशपुर। तंत्र-मंत्र के नाम पर एक महिला को टोनही बताकर प्रताड़ित करने और पैसे ठगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव की इस घटना में दो फरार बैगाओं (पारंपरिक ओझा) को रायगढ़ और सारंगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 10 हो गई है।

मृतक को जिंदा करने का दावा, फिर टोनही का झूठा आरोप

जांच के अनुसार, रायपुर में तैनात एक पुलिस अधिकारी की पत्नी सुनीता भगत की मृत्यु के बाद परिजनों ने बैगाओं से संपर्क किया। बैगाओं ने तंत्र-मंत्र से मृत महिला को जिंदा करने का दावा कर 60 हजार रुपये मांगे और पहले 11 हजार रुपये ले लिए। बाद में उन्होंने गांव की फौसी बाई (53) पर टोनही होने का झूठा आरोप लगाकर साजिश रची।

मरघट तक घसीटने की कोशिश

8 नवंबर को कुछ लोगों ने फौसी बाई पर टोनही का आरोप लगाकर उसकी मारपीट की, गाली-गलौज की और उसे मरघट की ओर घसीटने की कोशिश की। पीड़िता के बेटे-बेटी के हस्तक्षेप से ही उसकी जान बच सकी।

तकनीकी सहायता से हुई गिरफ्तारी

फरार आरोपी कृपा चौहान (44) और संतु राम चौहान (50) को पुलिस की तकनीकी टीम और मुखबिर की सूचना पर उनके घरों से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। दोनों पर भारतीय न्याय संहिता और टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की कई धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस पहले ही आठ अन्य आरोपियों, जिनमें एक पुलिस अधिकारी भी शामिल है, को गिरफ्तार कर चुकी है।

Youthwings