टीएस सिंहदेव का बड़ा खुलासा: अंबिकापुर में 10,662 वोटर्स संदिग्ध, 150 से अधिक मतदाताओं के नाम एक ही मकान नंबर पर पंजीकृत
टीएस सिंहदेव का बड़ा खुलासा
अंबिकापुर: न्यायधानी बिलासपुर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट की उपस्थिति में कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है। राज्यभर में पार्टी ने वोटों की पड़ताल शुरू कर दी है ताकि चुनावों में हुई गड़बड़ियों का पता लगाया जा सके। इसी कड़ी में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अंबिकापुर के कांग्रेस भवन में आयोजित ब्लॉक लेवल एजेंट (बीएलए) की बैठक में वोट चोरी को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे किए।
अंबिकापुर विधानसभा में संदिग्ध वोटर्स की संख्या 10,662
टीएस सिंहदेव ने बताया कि अंबिकापुर शहर विधानसभा क्षेत्र में कुल 111 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 388 ऐसे मकान हैं, जहां मतदाता सूची में 20 या उससे अधिक मतदाताओं के नाम एक ही पते पर दर्ज हैं। ऐसे संदिग्ध मतदाताओं की कुल संख्या 10,662 है। कुछ मकानों में तो 150 से अधिक मतदाताओं के नाम एक ही मकान नंबर पर दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि अकेले अंबिकापुर विधानसभा में 630 से ज्यादा डुप्लीकेट वोटर हैं, जो चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह लगाते हैं।
चुनाव आयोग पर तीखा हमला, भाजपा के सहायक संगठन जैसा व्यवहार
टीएस सिंहदेव ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह भाजपा के अनुषांगिक संगठन की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही भाजपा के प्रचार कार्यक्रमों के अनुरूप फैसले लेता है और मतदाता सूची में गड़बड़ियों की जांच करने के बजाय मौन साधे हुए है। उन्होंने मतदाता सूचियों में हो रही हेराफेरी को भाजपा के एक बड़े तंत्र द्वारा संचालित बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की।
50 साल के राजनीतिक अनुभव में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर मतदाता सूची की गड़बड़ियां देखी
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि अपने 50 वर्षों के राजनीतिक करियर में उन्होंने कभी भी मतदाता सूचियों में इतनी व्यापक गड़बड़ियां नहीं देखी। उन्होंने नए ब्लॉक लेवल एजेंट्स को निर्देश दिया कि वे बूथ स्तर पर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करें, क्योंकि चुनाव प्रक्रिया में उनका योगदान निर्णायक होता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी शुरू की मतदाता सूचियों की जांच
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी मतदाता सूचियों में विसंगतियों को पकड़ने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने ब्लॉक लेवल एजेंट्स को शीघ्र अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया ताकि गलतियों का खुलासा कर आम जनता और प्रशासन के सामने लाया जा सके।
बैठक में प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
अंबिकापुर में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा और विनय शर्मा समेत कई जोन अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, बीएलए और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। सभी ने मतदाता सूची की जांच और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
