Trump Signature on US Dollar: अमेरिकी डॉलर पर अब ट्रंप के हस्ताक्षर, 165 साल पुरानी परंपरा में बड़ा बदलाव

Trump Signature on US Dollar: अमेरिका की मुद्रा प्रणाली में एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। राष्ट्रपति Donald Trump के हस्ताक्षर अब नए अमेरिकी डॉलर नोटों पर दिखाई देंगे। यह पहली बार होगा जब किसी मौजूदा (सिटिंग) राष्ट्रपति का नाम और सिग्नेचर सीधे तौर पर अमेरिकी करेंसी का हिस्सा बनेगा।

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने गुरुवार को इस बड़े फैसले की घोषणा की। यह कदम अमेरिका की आजादी के 250वें वर्ष के उपलक्ष्य में उठाया गया है। इसके साथ ही 1861 से चली आ रही लगभग 165 साल पुरानी परंपरा भी बदल जाएगी। अब तक अमेरिकी नोटों पर केवल ट्रेजरी सचिव और ट्रेजरर ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स के हस्ताक्षर होते थे।

नई व्यवस्था के तहत ट्रेजरर का सिग्नेचर हटाया जाएगा और उसकी जगह राष्ट्रपति के हस्ताक्षर शामिल किए जाएंगे। ट्रेजरी के अनुसार, जून 2026 से 100 डॉलर के नए नोटों की छपाई शुरू होगी, जिन पर राष्ट्रपति ट्रंप और वित्त मंत्री Scott Bessent के हस्ताक्षर होंगे। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी इसी डिजाइन में जारी किए जाएंगे।

वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है, और डॉलर पर उनका नाम जोड़ना देश की उपलब्धियों को दर्शाने का एक प्रतीकात्मक कदम है।

स्मारक सिक्के में भी ट्रंप की झलक

इस अवसर पर एक विशेष 24 कैरेट गोल्ड कमेमोरेटिव कॉइन भी जारी किया जाएगा, जिसमें ट्रंप की तस्वीर अंकित होगी। इस डिजाइन को अमेरिका की फाइन आर्ट्स कमीशन द्वारा मंजूरी दी जा चुकी है।

हालांकि, अमेरिकी कानून के तहत सामान्य मुद्रा पर किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर छापना प्रतिबंधित है, लेकिन इस सिक्के को स्मारक (Commemorative) के रूप में जारी किया जाएगा, जिससे यह नियम लागू नहीं होगा।

Youthwings